Advertisement

महिला दिवस पर शिक्षक संघ सचिव द्वारा डॉ संगीता, डॉ कनुप्रिया व् नमिता सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड +2 शिक्षक संघ बोकारो जिला सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले की ख्याति प्राप्त अवकाश प्राप्त शिक्षिका डॉ संगीता पाठक, मशहूर दंत चिकित्सक डॉ कनुप्रिया एवं स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम का बेहतरीन संचालन करने वाली +2 उच्च विद्यालय चंदनक्यारी की उत्कृष्ट अंग्रेजी शिक्षिका नमिता कुमारी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सचिव डॉ झा ने तीनों सुयोग्य महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान में पूरे विश्व का सम्मान निहित है। महिलाओं की देश के हर क्षेत्र में बेहतरीन भागीदारी है एवं उनमें देश को विकसित बनाने की अभूतपूर्व क्षमता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का समुचित सम्मान पूरे वर्ष भर होते रहना चाहिए, ताकि वे मजबूती से समाज के हर कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और देश में फैली विभिन्न प्रकार की कुरीतियों को मिटाने में अपनी महती भूमिका अदा करें।
डॉ झा ने अवकाश प्राप्त शिक्षिका डॉ संगीता कुमारी को श्रेष्ठ शिक्षक करार दिया, जो आज भी बच्चों को शैक्षणिक रूप से उन्नत करने में लगी हैं। उन्होंने दंत चिकित्सक डॉ कनुप्रिया की चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा आशा व्यक्त की कि अन्य चिकित्सक भी उनकी सकारात्मक ऊर्जा से प्रेरणा लेकर इसी प्रकार समाज की सेवा करेंगे। डॉ झा ने स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम का विद्यालय स्तर पर बेहतरीन संचालन करने के लिए अंग्रेजी की शिक्षिका नमिता कुमारी की सराहना की एवं जिले को स्कूली स्वास्थ्य – शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में प्रथम स्थान दिलाने हेतु और बेहतर कार्य करने का आग्रह किया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य हेतु सुयोग्य महिलाओं को सम्मानित किए जाने का संघ के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, संरक्षक डॉ अजय कुमार पाठक, उपाध्यक्ष इर्वि रानी, डॉ शशिकांत पांडेय, कोषाध्यक्ष राजदेव साहू, संयुक्त सचिव राजेश कुमार विश्वकर्मा, भरत कुमार महतो, डॉ शक्ति पद महतो, संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार, उप संगठन मंत्री श्वेता कुमारी उपाध्याय, पुष्पा कुमारी विश्वकर्मा, श्रुति ताह, रामबाबू शुक्ल, दिनेश चंद्र, डॉ राखी बरनवाल, स्वर्णलता, ज्योति तिग्गा, कृपा शंकर महतो, नितेश कुमार सोनी, अमर कुमार महतो समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वागत किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *