कसमार के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलमुंगा में बाल विवाह को ले जागरूकता कार्यक्रम
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के गर्री पंचायत में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलमुंगा में 18 फरवरी को बाल विवाह को लेकर सघन जागरूकता अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार गैर सरकारी संस्था सहयोगिनी बोकारो एवं एक्सेस टू जस्टिस के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में एक दिवसीय सघन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त इस कुप्रथा को जड़ से मिटाना और किशोरियों के अधिकारों के प्रति आमजनों को जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक अध्यापक सुभाष चन्द्र महतो ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि एक दंडनीय अपराध भी है। विद्यालय में मौजूद स्कूली बच्चों को बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
जानकारी देते हुए सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने बताया कि बाल विवाह एक बेटी के सपनों की हत्या है। कहा कि जब हम एक बेटी को शिक्षित करते हैं, तो हम पूरे परिवार को सशक्त बनाते हैं। हमारा लक्ष्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि समाज की मानसिकता में बदलाव लाना है। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण रहिवासी एवं विद्यालय के छात्र-छात्रा मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply