प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने 13 सितंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं संबंधित तकनीकी विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक की।
आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर सभी सरकारी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इस उद्देश्य से सारण जिला के विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण, शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मती, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिये लगभग 2500 योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि इन योजनाओं का कार्य तेजी से पूरा हो, इसके लिये विभिन्न तकनीकी विभागों के सहयोग से इनका क्रियान्वयन कराया जा रहा है। कहा कि भवन प्रमण्डल, एलएईओ-1 एवं 2, पीएचईडी तथा बिहार शिक्षा परियोजना के बीच योजनाओं का बंटवारा कर क्रियान्वित कराया जा रहा है।
बैठक में कहा गया कि पेय जलापूर्ति से संबंधित सभी 476 योजनाओं का क्रियान्वयन पीएचईडी द्वारा किया जाना है। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को अविलंब सभी योजनाओं की निविदा प्रकाशित कराकर क्रियान्वित कराने को कहा गया। अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण एवं नये शौचालय निर्माण की योजनाओं का क्रियान्वयन भवन प्रमण्डल एवं एलएईओ 1 एवं 2 द्वारा कराया जायेगा। शौचालय मरम्मती की योजनाओं का क्रियान्वयन बिहार शिक्षा परियोजना के माध्यम से कराया जायेगा।
डीएम समीर ने सभी संबंधित कार्यकारी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को अविलंब सभी योजनाओं की निविदा प्रकाशित कराकर त्वरित अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ हीं उपरोक्त योजनाओं की निविदा क्लस्टर में निकालने के लिए 24 घंटे में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी योजनाओं का कार्य 31 जनवरी 2025 तक पूरा करने का स्पष्ट रूप से लक्ष्य निर्धारित किया गया।
उक्त बैठक में परिक्ष्यमान सहायक समाहर्त्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन, एलएईओ, पीएचईडी एवं बिहार शिक्षा परियोजना के अभियंतागण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply