प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में स्थित सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण, शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मती, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिये लगभग 2500 योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इनमें 485 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 392 शौचालयों का निर्माण, 476 पेयजल (बोरिंग सहित) तथा 1207 शौचालय मरम्मती की योजनाएं शामिल हैं।
सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर की शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं संबंधित तकनीकी विभाग के अभियंताओं के साथ एक अक्टूबर को सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित बैठक में उपरोक्त जानकारी दी गई।
डीएम समीर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर सभी सरकारी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। कहा कि इन योजनाओं का कार्य तेजी से पूरा हो इसके लिये विभिन्न तकनीकी विभागों के सहयोग से इसका क्रियान्वयन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भवन प्रमण्डल, एलएईओ-1 एवं 2 के माध्यम से अतिरिक्त वर्ग कक्ष एवं नये शैचालय निर्माण की योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। पीएचईडी के माध्यम से पेयजल की योजना तथा बिहार शिक्षा परियोजना के माध्यम से शौचालय निर्माण की योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं का कार्य तेजी से पूरा हो इसके लिये विभिन्न तकनीकी विभागों के सहयोग से इनका क्रियान्वयन कराया जा रहा है।
डीएम ने सभी संबंधित विभाग के अभियंताओं को निविदा की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। बताया गया कि अधिकांश योजनाओं की निविदा निकाली जा चुकी है। जिन योजनाओं की निविदा अभी नहीं निकाली गई है, उनकी निविदा एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से प्रकाशित कराने का काम करें।
उन्होंने सभी संबंधित कार्यकारी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को अविलंब सभी योजनाओं की निविदा प्रकाशित कराकर कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन/एलएईओ/पीएचईडी एवं बिहार शिक्षा परियोजना के अभियंता आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply