Advertisement

विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में प्रतिदिन एक फिजियोथैरेपिस्ट उपलब्ध रहे-डीएम

जिला बाल कल्याण संरक्षण समिति की बैठक संपन्न

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय समाहरणालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में 23 सितंबर को जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी समीर ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में रह रहे शिशुओं को अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए एक फिजियोथैरेपिस्ट को प्रतिदिन उक्त संस्थान में उपलब्ध रहने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम ने बाल पर्यवेक्षण गृह भवन परिसर के अंदर सुदृढ़तापूर्वक विद्युत वायरिंग का कार्य अविलंब कराने तथा बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल के लिए एक अतिरिक्त नया आरओ लगाने का निर्देश दिया। साथ ही बुडको को मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत उक्त पर्यवेक्षण गृह के जर्जर पहुंच पथ का अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा।

उन्होंने उक्त संस्थान के कचरा प्रबंधन के लिए उप विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस को अध्यक्ष के रूप में प्रतिदिन बाल कल्याण समिति कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

बाल कल्याण समिति के सदस्यों को ऑर्केस्ट्रा से मुक्त कराई गई बालिकाओं से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा उनका पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, उनके पुनर्वास की भी व्यवस्था करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बाल कल्याण समिति के सदस्यों तथा प्रभारी, महिला हेल्पलाइन को घर से भागने वाले बच्चों/किशोरों के संबंध में घर से भागने के कारणों का आकलन करने तथा बच्चों को जब अभिभावकों को सौंपने की कार्रवाई की जाय तब अभिभावकों की मनोस्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा उनके घर के वातावरण का आकलन करने का निर्देश दिया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी गिरोह अथवा संगठन द्वारा बच्चों को बहला-फुसलाकर घर से भगाने की कार्रवाई तो नहीं की जा रही है। तद्नुसार अग्रेत्तर कार्रवाई करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *