अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 18 फरवरी को वार्षिक माध्यमिक सैद्धांतिक परीक्षा के दौरान जिला मुख्यालय छपरा नगर निगम अंतर्गत जिला स्कूल, एस डी एस कॉलेज, आर एन सिंह इवनिंग कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण क्रम में डीएम ने परीक्षा कदाचारमुक्त, स्वच्छ वातावरण तथा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए सभी केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा की अवधि में विद्यालय परिसर के सभी प्रवेश एवं निकासी द्वारों को पूर्ण रूप से बंद रखने, परीक्षा हॉल में समुचित प्रकाश की व्यवस्था करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल के सभी परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी को दूसरे दिन की मैट्रिक परीक्षा शांतिपूर्ण रही। कहीं से कोई कदाचार की शिकायत नहीं मिली। कोई परीक्षार्थी निष्कासित नहीं किया गया और न ही कोई गिरफ्तारी की सूचना है।
*छपरा में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को लेकर बैठक*
एक अन्य जानकारी के अनुसार सारण जिला मुख्यालय छपरा में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में निर्णय लिया गया कि सीसीटीवी कैमरे से छपरा शहर के यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जायेगी। बताया गया कि शहर के 56 जगहों पर कैमरा लगाने के लिये कार्य हो रहा है, इनमें से 51 जगहों पर फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। शेष 5 जगहों के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्थलीय जांच कर उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव देंगे।
बताया गया कि जिला परिवहन कार्यालय के पीछे आईसीसी का नया भवन बन रहा है। एक जगह से पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी होगी। बैठक में नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल आदि मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply