Advertisement

डीएम ने किया सर्वोदय विद्यालय जलालपुर का निरीक्षण

डीएम ने पोखरा जीर्णोद्धार के लिए दिया आवश्यक कार्रवाई का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने 16 जनवरी को जिला के हद में जलालपुर प्रखंड स्थित सर्वोदय विद्यालय जलालपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को उक्त विद्यालय के नए भवन (G+1) निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कराकर उपलब्ध कराने का निदेश दिया।

डीएम समीर ने जलालपुर के अंचलाधिकारी को उक्त विद्यालय की संपूर्ण भूमि का अविलंब सीमांकन करने तथा उक्त विद्यालय एवं बगल में स्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के आसपास की सभी सरकारी भूमि को चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सर्वोदय विद्यालय के सामने के बड़े पोखरे के जीर्णोद्धार के लिए जलालपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा को अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त को उक्त पोखरे के जीर्णोद्धार एवं अधिक से अधिक विकसित करने के लिए पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया गया।

निरिक्षण के क्रम में सर्वोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य को जल्द ही उक्त विद्यालय के प्रबंध समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित करने के लिए संचिका उपस्थापित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जलालपुर, अंचलाधिकारी जलालपुर, प्रभारी प्राचार्य सर्वोदय विद्यालय तथा उक्त विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *