अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति अमन समीर ने 26 जून को जिला के हद में मातृ एवं शिशु सदन अनुमंडल अस्पताल सोनपुर तथा एमएनसीयू का निरीक्षण किया। उक्त अस्पताल को और अधिक विकसित करने, मरीजों एवं नवजात शिशुओं को अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने के परिप्रेक्ष्य में की जाने वाली व्यवस्थाओं को बढ़ाने के लिए उन्होंने जायजा लिया।
निरिक्षण के क्रम में जिलाधिकारी समीर ने सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा को एमएनसीयू को पूर्ण रूप से कार्यरत एवं संचालित कराने, ऑक्सीजन प्लांट के पुनः प्रारंभ होने के पूर्व तात्कालिक व्यवस्था के तहत अलग से पाइप लाइन एवं सिलेंडर की व्यवस्था कर सभी बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति बहाल करने तथा सभी खिड़कियों में पर्दा लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अतिरिक्त व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए संध्या तक प्रस्ताव तैयार करने यथा एमएनसीयू में समुचित संख्या में एसी की व्यवस्था, पूर्ण रूप से स्वच्छ रखने तथा धूल आदि से बचाव के लिए वार्ड को पूर्ण रूप से सील्ड करने की व्यवस्था, क्रिटिकल नवजात शिशुओं के लिए एमएनसीयू में ही स्पेशल केयर यूनिट निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन की व्यवस्था, मातृ एवं शिशु सदन अस्पताल में प्रसव कक्ष को पर्दे से घेरने के स्थान पर निजता बनाए रखने के लिए अलग – अलग सुसज्जित केबिन की व्यवस्था, प्रसव कक्ष से एमएनसीयू भवन को जोड़ने के लिए गलियारा निर्माण की व्यवस्था आदि से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि आज ही स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर जिलाधिकारी स्तर से इस संबंध में अग्रेत्तर कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी समीर ने उक्त अस्पताल की नियमित रूप से पूर्ण साफ – सफाई की व्यवस्था संधारित रखने तथा परिसर में कहीं भी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कारगर उपाय करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करते हुए असामाजिक तत्वों पर पूर्ण रूप से निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के समय सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा, सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, सोनपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रणजीत कुमार, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अस्पताल प्रबंधक तथा सभी प्रतिनियुक्त चिकित्सक उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply