नववर्ष पर सभी सार्वजनिक स्थलों पर पैनी नजर, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी व् पुलिस सजग
नावों के परिचालन पर एक जनवरी तक पूर्णतः रोक, सीमावर्ती जिलों से रोक लगाने का अनुरोध
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। नववर्ष की पूर्व संध्या एवं नववर्ष के दिन जिला में सामान्य विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने 31 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी के साथ बैठक की।
नववर्ष को उत्सवी माहौल में आमजन अपने परिजनों के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर पूजा-पाठ एवं पिकनिक आदि मानने विभिन्न धर्म स्थलों, नदी घाटों, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाते हैं। बैठक में उपरोक्त सभी स्थलों पर विशेष सतर्कता एवं चौकसी बरतने का निदेश सभी पदाधिकारियों को दिया गया। अधिक भीड़-भाड़ वाले मंदिरों में अलग- अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। महत्वपूर्ण नदी घाटों पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया।
बैठक में नावों का परिचालन 31 दिसंबर एवं एक जनवरी को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ हीं सारण जिला के सभी सीमावर्ती जिलों यथा वैशाली, मुजफ्फरपुर, पटना, भोजपुर एवं बलिया के जिलाधिकारियों को नदियों के दूसरे छोर पर भी नावों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए अनुरोध किया गया है।
बैठक में नदी घाटों या अन्यत्र खतरनाक तरीके से सेल्फी लेने वालों पर भी नियंत्रण रखने को कहा गया। सभी पदाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत लगातार भ्रमणशील रहकर विधि व्यवस्था पर पैनी नज़र रखने को कहा गया। छोटी से छोटी घटना को भी पूरी गंभीरता से लेकर ससमय अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डायल 112 के वाहनों को रेडी मोड में रखते हुये गहन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी अनुमण्डल स्तर पर नियंत्रण कक्ष को क्रियाशील रखने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply