Advertisement

छठ घाटों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार आशीष ने 30 अक्टूबर को सारण जिला के हद में स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार अधिकारी द्वय ने नगर निगम छपरा के राजेन्द्र सरोवर, गौतम घाट, नाथ बाबा घाट आदि का निरीक्षण किया और उपस्थित स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने राजेंद्र सरोवर घाट एवं उसके सम्पूर्ण परिसर की पूर्ण सफाई, पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने रिविल गंज के गौतम घाट पर नदी की मुख्य धारा दूर होने की वजह से छठ व्रतियों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी को नदी किनारे में नदी के पानी में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बताया गया कि नाथ बाबा मंदिर घाट पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इस घाट पर नदी का जलस्तर कम होने के कारण किनारे की गीली मिट्टी की अभी से ही नियमित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा गया। घाट के प्लेटफॉर्म पर जमा मिट्टी एवं बालू की साफ सफाई कराने का निर्देश दिया गया। पर्याप्त रूप से बैरिकेडिंग कराने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में डीएम, एसपी के साथ उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहायक समाहर्त्ता सहित नगर प्रशासन पदाधिकारी भी मौजूद थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *