अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल चिकित्सा विभाग ने बीते वर्ष 62,000 आउटडोर व 2000 इनडोर मरीजों का उपचार किया। इसके अलावा 419 टीकाकरण, 111 टीबी जांच एवं जागरूकता संगोष्ठियां आयोजित की।
मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर अमित सरन ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीते 15 अगस्त को मंडल कार्यालय प्रागंण में ध्वजारोहण के उपरांत उपरोक्त जानकारी सांझा की। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाईड दल का भी निरीक्षण किया। मौके पर मंडल रेल प्रबंधक सरन एवं महिला कल्याण संगठन अध्यक्षा निधि सरन के माध्यम से रेल कर्मचारियों के बच्चों को साईकिल का वितरण किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक सरन ने अपने संबोधन संदेश में कहा कि सोनपुर मंडल प्रारंभ से ही देश-सेवा और यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के संकल्प के साथ कार्य करता रहा है। उन्होंने बीते वर्ष की कुछ उल्लेखनीय उपलब्धियों को भी साझा करते हुए कहा कि सोनपुर स्टेशन परिसर में 200 से अधिक स्टालों का ई-नीलामी से आवंटन, वार्षिक आय ₹65.41 लाख की प्राप्ति, 11 खान-पान स्टालों से ₹31 लाख वार्षिक आय और 725.81 टन लीची लोडिंग से ₹59.13 लाख की आय उपलब्धियों मे शामिल है। इसके अलावा अप्रैल s जुलाई के मध्य में पोल (पीओएल) व अन्य माल लोडिंग में वृद्धि हुई है।
15,000 मेल/एक्सप्रेस, 20 लौंग हॉल एवं 3400 टॉड (टीओडी) गाड़ियों का सफल परिचालन (टीओडी गाड़ियों में 37 प्रतिशत वृद्धि)। कहा कि स्क्रैप बिक्री से ₹9 करोड़ की आय हुई। वित्तीय सतर्कता से ₹15 करोड़ बैंक जमा की वसूली एवं पेंशन भुगतान में ₹8 करोड़ की बचत हुई। कहा कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ₹19.4 लाख जुर्माना वसूली एवं 24 करोड़ की बरामदगी भी उपलब्धियों में शामिल हैं। सोनपुर रेल मंडल के देसरी, कर्पूरीग्राम, सराय, बेगूसराय आदि स्टेशनों पर वेटिंग हॉल, टॉयलेट्स, सीसीटीवी, वाटर कूलर, ऑटो अनाउंसमेंट सिस्टम का विस्तार किया गया। कोरोना पूर्व रुकी हुई अधिकांश गाड़ियों का ठहराव पुनः बहाल किया गया।
वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत एवं पैसेंजर ट्रेनों का शुभारंभ किया गया। बताया कि सोनपुर-वैशाली डेमू का विस्तार देवरिया तक किया गया। 1,100 यात्रियों को यात्रा के दौरान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन के लिए रैंप व स्टेनलेस स्टील वाटर बूथ की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कई स्टेशनों पर यूटीएस काउंटर व डिस्पले बोर्ड लगाया गया। सभी क्रू लॉबी में नया सीएमएस सिस्टम चालू किया गया।
डीआरएम ने बतया कि नवगछिया, खगड़िया व सेमापुर में सोलर पैनल लगे। बरौनी व सोनपुर में 500 केवीए डीजी सेट लगाया गया। ऑटोमैटिक सिग्नलिंग व इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य पूर्ण किया गया। पसराहा व सोनपुर साइडिंग का विद्युतीकरण संभव हो सका।
पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण बिजली खपत में 1.7 प्रतिशत की कमी
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत 33,500 पौधे वितरित किए गए। प्लास्टिक प्रदूषण रोकथाम एवं वृक्षारोपण पर विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एक भी दुर्घटना नहीं घटी। कहा कि रेल मंडल के सभी 67 स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा प्रदान की गई। मॉक ड्रिल एवं सेफ्टी सेमिनार के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 8 नुक्कड़ नाटक एवं 4 सेफ्टी सेमिनार आयोजित किए गए। रनिंग रूम में आधुनिक जिम उपकरण की व्यवस्था की गई। आकस्मिक निधन पर 24 घंटे के भीतर सेटलमेंट पेमेंट का प्रावधान किया गया। 31 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति दी गई।

कहा कि सभी कोटियों की वरीयता सूची प्रकाशित की गई। टैलेंट हंट व महिला दिवस पर विशेष आयोजन किया गया। इंडियन बैंक के साथ एमओयू से बेहतर बैंकिंग सुविधाएं प्रदान की गई। बच्चों के लिए समर वर्क शॉप व प्रतिभा सम्मान संचालित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि ये उपलब्धियां हमारी टीम भावना, प्रतिबद्धता और परिश्रम का परिणाम हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
![]()













Leave a Reply