अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विवेक भूषण सूद एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने 28 जून को सोनपुर रेल मंडल के हद में ढोली एवं कर्पूरीग्राम रेलवे स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता का समग्र मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक सूद ने दोनों स्टेशनों के प्रमुख क्षेत्रों यथा यात्री प्रतीक्षालय, जल आपूर्ति, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म की संरचना, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित स्टेशन अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पथ मार्ग एवं शौचालयों की स्वच्छता का निरीक्षण करने, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सफाई मानकों के अनुपालन पर विशेष बल और नियमित सफाई चक्र को सुदृढ़ करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालयों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की समीक्षा, पेयजल आपूर्ति व वॉटर वेंडिंग मशीनों की कार्यप्रणाली का परीक्षण, विद्युत आपूर्ति की सततता एवं प्लेटफॉर्म प्रकाश व्यवस्था का अवलोकन का भी निर्देश दिया।

इसके अलावा टिकट काउंटर पर प्रतीक्षा समय कम करने के लिए निर्देश, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की दक्षता की जांच, वाई-फाई सुविधा और डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों की स्थिति का मूल्यांकन करने का भी निर्देश दिया। निरिक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार द्वारा सीसीटीवी कैमरा कवरेज की समीक्षा, आरपीएफ की सतर्क उपस्थिति की पुष्टि, इमरजेंसी हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन जागरूकता उपायों की समीक्षा का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की ऊंचाई में आवश्यकतानुसार सुधार
करने, छायादार बैठने की सुविधाओं में वृद्धि, दिव्यांग यात्रियों के लिए रैम्प, संकेत बोर्ड एवं प्राथमिकता व्यवस्था, स्टेशन परिसरों में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने की पहल करने का भी निर्देश दिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने किया स्थानीय रेलवे कर्मियों से संवाद
निरीक्षण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक सूद ने स्थानीय रेलवे कर्मियों से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के लिए निर्देश भी दिए। कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और संचार सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। यही कारण है कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षणों के माध्यम से सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं। कहा कि रेल मंडल के ढोली एवं कर्पूरीग्राम स्टेशनों पर निरीक्षण दर्शाता है कि रेलवे का फोकस केवल बड़े स्टेशनों तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीण एवं अर्ध- शहरी क्षेत्रों के विकास को लेकर भी गंभीर है।
![]()













Leave a Reply