Advertisement

त्योहारों व् चुनाव में मद्य निषेध के प्रभावी क्रियान्वयन को ले प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक

शराब कारोबारियों के विरूद्ध सीसीए व् आर्थिक लिंकेज की जांच कर कार्रवाई का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी त्योहारों एवं आसन्न बिहार विधानसभा आम चुनाव को लेकर मद्य निषेध पर सरकारी स्तर पर प्रयास जारी है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 25 सितंबर को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन सचिव अजय यादव तथा अपर पुलिस महानिदेशक (मद्य निषेध) अमित कुमार जैन की अध्यक्षता में सारण जिला मुख्यालय समाहरणालय सभागार छपरा में प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की गयी।

बैठक में शराब कारोबारियों के विरुद्ध सीसीए के तहत कार्रवाई तथा उनके आर्थिक लिंकेज की जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमंडल के सभी जिलों में स्थापित एक्साइज चेक पोस्ट पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।

इस मौके पर बिहार के उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से सारण प्रमण्डल के तीनों जिलों से संबंधित उपलब्ध संसाधनों, अबतक की गई कार्रवाई, उपलब्धियों एवं अपेक्षाओं के बारे में स्पष्ट रूप से जानकारी दी। एक – एक बिंदु पर समीक्षा के साथ साथ महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये गए।ट्रांसपोर्टर्स के साथ बैठक कर शराब के अवैध परिवहन के प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनी, कूरियर सेवा एजेंसी, गोदाम आदि की औचक जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में रेल पुलिस के समन्वय से रेल गाड़ियों की निरंतर जांच करने को कहा गया। उत्पाद अधिनियम के तहत पुराने चार्जशीटेड अपराधियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखने को कहा गया। सभी चिन्हित हॉट स्पॉट पर निरंतर गहन छापामारी करने को कहा गया। नदी वाले क्षेत्रों में रिवर पेट्रोलिंग एवं ड्रोन कैमरे के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया।

प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शराब के अवैध परिवहन को नियंत्रित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। जप्त शराब के ससमय विनष्टीकरण, जप्त वाहनों की ससमय नीलामी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत न्यायालय में दर्ज वादों के तहत ट्रायल में तेजी लाने के लिये तीनों जिलों के विशेष लोक अभियोजकों (उत्पाद) को स्पष्ट निर्देश दिया गया। गवाहों की उपस्थिति, वारंट के तमिला आदि को लेकर प्रत्येक केस के ट्रायल की अद्यतन स्थिति की सूची तैयार करने का निर्देश सभी लोक अभियोजकों को दिया गया।

बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त सारण राजीव रौशन, डीआईजी नीलेश कुमार, उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल, जिलाधिकारी सारण अमन समीर, वरीय पुलिस अधीक्षक सारण डॉ कुमार आशीष, पुलिस अधीक्षक गोपालगंज अवधेश दीक्षित एवं विभिन्न अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उपायुक्त उत्पाद, सभी जिलों के सहायक आयुक्त/अधीक्षक उत्पाद तथा विशेष लोक अभियोजक (उत्पाद) आदि शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *