Advertisement

प्रमंडलीय आयुक्त ने अनुकंपा के आधार पर 138 कर्मियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण प्रमंडल के आयुक्त राजीव रौशन ने 6 सितंबर को छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में सारण जिला के अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 138 कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर आयुक्त राजीव रौशन एवं जिलाधिकारी अमन समीर ने सभी अभ्यर्थियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ अपने कर्त्तव्य के निर्वहन करने को कहा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को उनकी नई यात्रा के लिये शुभकामनाएं दी।

जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग के तहत सारण जिला अंतर्गत मृत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का निर्णय बीते माह 20 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला अनुकंपा समिति की बैठक में लिया गया था। समिति द्वारा कुल 138 आश्रितों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया था। इसमें से माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विद्यालय लिपिक के पद पर 128 तथा विद्यालय परिचारी के पद पर 10 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गयी है।

प्रमंडलीय आयुक्त ने नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि सभी नवनियुक्त कर्मियों को अपने योगदान से आने वाली पीढ़ियों को सहूलियत मिले, इसी ध्येय के साथ कार्य करना चाहिये। उन्होंने नियुक्ति की प्रक्रिया को त्वरित रूप से पूरा करने के लिये सारण जिलाधिकारी एवं पूरी टीम को साधुवाद दी। जिलाधिकारी ने कहा कि ये मामले विगत कई वर्षों से लंबित थे।

शिक्षा विभाग द्वारा इससे संबंधित नियमावली जारी करते ही जिला अनुकम्पा समिति की बैठक आहुत कर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत प्राप्त कुछ आवेदन अभी तकनीकी कारणों से प्रक्रियाधीन हैं। इस संबंध में विभाग से तकनीकी बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्राप्त होते ही इन आवेदनों पर भी त्वरित निर्णय लिया जायेगा।

इस अवसर पर सारण के उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, क्षेत्रीय उप निदेशक शिक्षा राजदेव राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, डीपीओ प्रियंका रानी, डीपीओ धनंजय पासवान, डीपीओ अजीत अमर हरिजन सहित शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी एवं सभी नवनियुक्त अभ्यर्थीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *