Advertisement

जिलाधिकारी ने तटबंध में कटाव निरोधी कार्य का किया स्थल निरीक्षण

कार्य को लेकर असंतोष व् कनीय अभियंता के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने 9 जुलाई को जिला के हद में मकेर अंचल अंतर्गत बाघाकोल पंचायत के हैजलपुर गांव को तटबंध में हो रहे गंडक नदी के कटाव से सुरक्षित करने के लिए चलाए जा रहे कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे कार्य को लेकर असंतोष व्यक्त किया। इस संबंध में उन्होंने कार्यपालक अभियंता को ठोस एवं सुदृढ़ ढंग से अविलंब कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित कनीय अभियंता के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई का भी निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार छपरा सदर अनुमंडल के मकेर अंचल अंतर्गत बाघाकोल पंचायत के हैज़लपुर ग्राम को गंडक नदी के कटाव से बचाने के लिए उक्त ग्राम में सारण तटबंध के 46.50 किलोमीटर से 48.00 किमी तक 1500 मीटर में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल सारण द्वारा कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है, जिसका स्थलीय निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी समीर ने उपरोक्त कार्रवाई की।

कटाव निरोधी कार्य संतोषजनक नहीं किए जाने के कारण खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने सम्बन्धित कनीय अभियंता पर अनुशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश के साथ साथ कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल को अविलंब आवश्यक मरम्मती कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी द्वारा संदर्भित स्थल पर ठोसपूर्ण एवं सुदृढ़तापूर्वक कटाव निरोधी कार्य अविलंब करने का निर्देश दिया गया, ताकि गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि होने पर हैज़लपुर ग्राम को कोई क्षति नहीं पहुंचने पाए तथा ग्रामवासियों को बाढ़ से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।
निरीक्षण के अवसर पर अपर समाहर्त्ता, प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन, अंचलाधिकारी मकेर, थानाध्यक्ष मकेर तथा कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल सारण अपने सहायक अभियंता तथा कनीय अभियंता के साथ उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *