एस. पी. सक्सेना/बोकारो। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार ने विकसित भारत राष्ट्रीय युवा संसद 2025 के आयोजन के लिए बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो को नोडल महाविद्यालय के रूप में नामित किया है।
बिनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय के बोकारो जिले के साथ साथ धनबाद जिले का भी दायित्व के. बी. कॉलेज को दिया गया है। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरू युवा केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। उक्त जानकारी केबी कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण तथा एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ प्रभाकर कुमार ने 4 मार्च को संयुक्त रूप से दी।
बताया गया कि विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में शा. होने के लिए आगामी 9 मार्च तक आवेदन स्वीकार किया जायेगा। विजेता राज्य विधानसभा और देश की संसद में विचार रख सकेंगे। बताया गया कि भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा प्रतिभागी माय भारत पोर्टल पर 9 मार्च तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि यह कार्यक्रम जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार ने कहा कि प्रतिभागियों को रजिस्ट्रेशन करने के बाद एक मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा, जिसका विषय आपकी दृष्टि में विकसित भारत का क्या अर्थ है। इस विषय पर आने वाले वीडियो में से 150 उत्कृष्ट वीडियो का चयन बोकारो एवं धनबाद दोनों जिलों को मिलाकर किया जाएगा।
इसके बाद 150 प्रतिभागियों को नोडल महाविद्यालय (के बी कॉलेज बेरमो) में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर विचार रखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन प्रतिभागियों में से 10 प्रतिभागी का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। इनको राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए विधानसभा रांची भेजा जाएगा और राज्य स्तरीय कार्यक्रम में से तीन प्रतिभागियों का राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयन किया जाएगा। जिन्हें पार्लियामेंट दिल्ली में अपने विषय को प्रस्तुत करने के लिए भेजा जाएगा। मौके पर केबी कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति उपस्थित थे।
61 total views, 61 views today