जिले में सालों भर खेल प्रतियोगिताओं का करें आयोजन-उपायुक्त
प्रतिवर्ष कम से कम तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिता का बोकारो जिले में हो आयोजन-झा
दिशोम गुरू की स्मृति में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाहरणालय सभागार में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 28 अगस्त को जिला स्तरीय खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में खेल गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों को मंच देने और जिले में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मौके पर जिला उपायुक्त झा ने कहा कि बोकारो जैसे औद्योगिक जिले को खेलों के क्षेत्र में भी पहचान दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सालों भर यहां नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना चाहिए।
बैठक में खेल संघ के प्रतिनिधियों ने बोकारो जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धि एवं उनके द्वारा विभिन्न प्रशासनिक पदों पर दें रहे सेवा से भी अवगत कराया। उपायुक्त ने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने की बात कही। बैठक में उपायुक्त ने सभी खेल संघों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय बनाकर वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार करें।
उन्होंने कहा कि उक्त कैलेंडर के अनुसार जिले में प्रत्येक माह अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को निरंतर अवसर मिल सके और उनकी प्रतिभा सामने आए। उन्होंने सभी संघों को अपने – अपने खेल का कैलेंडर तैयार करने एवं उसे जिला खेल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जिला से एक समेकित कैलेंडर पूरे वर्ष का जारी किया जा सके। उन्होंने सभी संघों को एक-दूसरे से समन्वय स्थापित कर बेहतर माहौल में काम करने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने विभिन्न खेल संघ प्रतिनिधियों से कहा कि बोकारो में प्रतिवर्ष कम से कम तीन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करें। इससे जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। साथ ही, बोकारो की पहचान खेलों के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित होगी। बैठक में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा की गई। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए उपायुक्त ने संबंधित खेल संघ के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिया और सभी खेल संघों को इसमें सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि तैयारी समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से होनी चाहिए। जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।

बैठक में उपस्थित सभी खेल प्रतिनिधियों ने दिशोम गुरू स्व. शिबू सोरेन की स्मृति में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति जताई। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि जिले में खेलों के महत्व को बढ़ावा देने का भी कार्य करेगी। बैठक में विभिन्न संघों के प्रतिनिधियों ने जिले में एक भी इंडोर स्टेडियम नहीं होने से खिलाड़ियों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया। उपायुक्त झा ने जिला खेल पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारियों को इस दिशा में जरूरी निर्देश दिया। कहा कि जिले में अगले वर्ष तक एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक के समापन पर उपायुक्त झा ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए बोकारो जिला प्रशासन और खेल संघों को एक साथ मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें राष्ट्रीय व् अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। कहा कि बोकारो को खेल का हब बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब हम सब मिलकर काम करेंगे।
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेरमो मुकेश मछुवा, जिला कल्याण पदाधिकारी एन एस कुजूर, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply