बेहतर प्रदर्शन करने वाले 80 सीएचओ व् सहियाओं को किया गया पुरस्कृत
सीएचओ और सहिया स्वास्थ्य विभाग की रीढ़-सिविल सर्जन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला उपायुक्त के निर्देश पर बोकारो के सेक्टर टू स्थित कला केंद्र सभागार में 28 मई को सहिया सम्मेलन सह सीएचओ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वाधान में जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन सह सीएचओ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारियों तथा अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में सीएचओ और सहियाओं की अहम भूमिका होती है। सीएचओ और सहिया स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि समारोह के माध्यम से सीएचओ और सहियाओं के अनुभव एवं दायित्व निष्पादन के दौरान आने वाली दिक्कतों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में बोकारो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य प्रदर्शन करने वाले 80 सहियाओं को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ प्रसाद ने कहा कि संस्थागत प्रसव कराने, परिवार नियोजन को बेहतर करने सहित कई कार्यों में सीएचओ और सहियाओं का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य सीएचओ और सहियाओं को आगे भी अधिक समर्पित भाव से कार्य करने को प्रेरित किया।
समारोह में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) दीपक कुमार ने कहा कि बोकारो जिले को टीबी मुक्त बनाने में अपनी अग्रणी भूमिका निभाकर सीएचओ और सहिया अपना योगदान दे सकते हैं।
कहा कि जिस लगन से आप ग्रामीण क्षेत्र के रहिवासियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान करते हैं। ठीक उसी प्रकार जिले को यक्ष्मा मुक्त बनाने में सहायता प्रदान करने का मजबूत प्रयास कीजिए। बताया जाता है कि समारोह में पुरस्कार वितरण के पश्चात सिविल सर्जन द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से तंबाकू के दुष्प्रभाव के प्रति जन जागरूकता हेतु शपथ दिलाया गया और सभी को बताया कि समाज में बढ़ रहे मादक पदार्थ के घातक प्रभावों से समाज को बचाने और युवाओं के बीच जन जागरूकता लाने हेतु आप सभी सहिया और सीएचओ स्वास्थ्य विभाग की अहम कड़ी है। आपको इसके प्रति हमेशा सजग रहना है। साथ ही इसके प्रति आमजनों को जागरुक करते रहना है, ताकि मुक्त स्वास्थ्य और समृद्ध झारखंड का निर्माण किया जा सके।

समारोह में क्रमवार चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा सीएचओ और सहिया को प्रभावी तरीके से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रति रहिवासियों को जागरूक करने, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 80 सीएचओ और सहियाओं को प्रमाण पत्र, शील्ड और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अरविंद कुमार, डीआरसीएचओ डॉ सेलिना टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बेरमो डॉ मनीष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply