शांतिपूर्ण मनाएं दुर्गा पूजा, व्रतियों के पवित्रता व् निष्ठा का रखें ध्यान-उपायुक्त
डीसी-एसपी ने उपस्थित पदाधिकारियों को सोशल मीडिया मानीटरिंग का दिया निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय न्याय सदन सभागार में 25 सितंबर को दुर्गा पूजा/दशहरा को लेकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी। अध्यक्षता जिला उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने की। बैठक में जिले के विभिन्न पूजा आयोजन समिति के सदस्य/प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुवा समेत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), थाना प्रभारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
शांति समिति की बैठक में अपने संबोधन में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि दुर्गापूजा-दशहरा (रावण दहन) को *श्रद्धा, पवित्रता और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दौरान व्रतियों की आस्था और निष्ठा का ध्यान रखना सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी है। उन्होंने समिति सदस्यों द्वारा सड़कों पर बह रहे गंदे पानी – जल जमाव की समस्या को दूर करने की दिशा में अविलंब पहल करने का निर्देश दिया। बीडीओ-सीओ–थाना प्रभारियों को ऐसे स्थलों को चिन्हित कर समिति सदस्यों के सहयोग से तत्कालिक व्यवस्था की बात कही।
उपायुक्त झा ने अधिकारियों और समितियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए और कहा कि *सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। मौके पर उपायुक्त ने सभी शांति समिति सदस्यों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही, दुर्गापूजा शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न होने पर समिति सदस्यों को प्रशासन की ओर से आभार पत्र भी देने की घोषणा की।
उन्होंने पूजा के दौरान पंडाल परिसर व् आस पास क्षेत्र में महिलाओं व् बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूजा समितियों को भी अपने स्तर से व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीसी व् एसपी ने जिलावासियों से अपील किया कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना अविलंब स्थानीय प्रशासन, जिला नियंत्रण कक्ष को देने को कहा। प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगा।
द्वय पदाधिकारियों ने सभी बीडीओ, सीओ, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, एसडीपीओ और एसडीओ को निर्देश दिया कि वे लगातार सोशल मीडिया की निगरानी करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सभी समितियों को निर्देश दिया कि मां दुर्गा का प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त में ही किया जाए। कहा कि विसर्जन का रूट पारंपरिक ही रहेगा, रूट में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रशासन ने सभी विसर्जन घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा दोनों बनी रहे। ज्यादा गहरे पानी में विसर्जन के लिए कोई नहीं जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा तय मानकों के अनुरूप पूजा का संचालन करने वाले समितियों को पुरस्कृत तथा सम्मानित किया जाएगा। विसर्जन में पूजा समिति डीजे का इस्तेमाल नहीं करें। भजन कीर्तन, पारांपरिक तरीके से विसर्जन सुनिश्चित करें। सभी पूजा पंडालों में बच्चों एवं महिलाओं के लिए हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। वहीं, सूचना – सहायता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी – पुलिस पदाधिकारी एवं पूजा आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
शांति समिति की बैठक में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भड़काऊ गीतों या आपत्तिजनक सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। समिति सदस्यों को कहा गया है कि वे इस दिशा में विशेष सावधानी बरतें। उपायुक्त ने कहा कि सभी अलर्ट मोड में रहते हुए छोटी – बड़ी सभी बातों पर ध्यान रखें। पिछले 10 वर्ष तक संबंधित क्षेत्रों में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने के लिए अनुशंसा करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने एसडीओ – एसडीपीओ, थाना प्रभारी – बीडीओ/सीओ को आपस में समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा दशहरा (रावण दहन) संपन्न कराने तथा दायित्वों के निर्वहन को लेकर दिशा – निर्देश दिया। आवश्यकता अनुरूप मिनी कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पूर्व की घटनाओं से सीख लेते हुए अधिक से अधिक सावधानी एवं चौकसी बरतें। क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने, एसडीपीओ/थाना प्रभारी को नियमित स्वयं गश्ती करने को कहा। उन्होंने कहा कि, आम जनों की सुविधा को देखते हुए बोकारो शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ बदलाव किया गया है। इससे कुछ राहगीरों को थोड़ी परेशानी होगी। लेकिन, ज्यादा से ज्यादा राहगीरों को इससे सहूलियत होगी।
मौके पर ट्रैफिक डीएसपी श्री विद्या शंकर ने ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए परिवर्तन से भी सभी को अवगत कराया।
बैठक में संबंधित थाना प्रभारियों/बीडीओ व् सीओ को विशेष शाखा द्वारा उपलब्ध बातों व् सतर्कता से अवगत कराया गया। साथ ही, क्रमवार थाना क्षेत्रों में पूर्व में दुर्गा पूजा के दौरान हुई घटना के विषय से भी अवगत कराया गया। इससे पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी चास तथा बेरमो ने संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी/प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी अपने – अपने क्षेत्र के पूजा समितियों को इससे अवगत कराएंगें कि उन्हें अस्थायी विद्युत कनेक्शन संबंधित विभाग से प्राप्त करना है। साथ ही, विद्युत विभाग/अग्निशमन विभाग एवं भवन विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार, बेरमो एसडीपीओ वी एन सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला अग्निशमन पदाधिकारी भगवान ओझा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी व् अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply