आपसी भाईचारे व् सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं मुहर्रम पर्व-डीसी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय स्थित सभागार में 3 जुलाई को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से बैठक की।
जानकारी के अनुसार समाहरणालय सभागार में आगामी 6 जुलाई को होनेवाले मुहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी। बैठक में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा किया गया। इस दौरान विशेष शाखा द्वारा जिलों को बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। बैठक में की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अनिमेश कुमार गुप्ता, जिला नजारत उप समाहर्ता वंदना शेजवलकर, डीपीआरओ रवि कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चास एवं बेरमो, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना व् ओपी प्रभारी आदि उपस्थित थे।
शांति समिति की बैठक में डीसी एवं एसपी ने क्रमवार सभी अंचलों/थानों में शांति समिति की बैठक की जानकारी ली। सभी ने कहा कि शांति समिति की बैठक कर ली गई है। समिति सदस्यों का विवरण, समाज के सम्मानित जनों का संपर्क नंबर आदि प्राप्त कर लिया गया है। द्वय पदाधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों/मोहल्लों पर विशेष निगरानी रखने/सर्तक रहने को कहा।
साथ हीं कहा कि छोटी से छोटी घटना की अविलंब सूचना अपने वरीय पदाधिकारी को देना सुनिश्चित करेंगे। डीसी ने कहा कि सभी बीडीओ, सीओ तथा थाना प्रभारी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाले। जिले में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल उपलब्ध है, सभी की प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी। दंडाधिकारी एवं पुलिस बल समन्वय के साथ प्रतिनियुक्त स्थल पर तैनात रहेंगे। सभी अलर्ट मोड में रहते हुए अपने दायित्वों का निष्पादन करेंगे। निर्धारित एसओपी का अनुपालन करेंगे।
डीसी एवं एसपी ने इस बात को सुनिश्चित करने को कहा कि पूर्व से निर्धारित रूट एवं तय समय पर ही जुलूस निकले तथा संपन्न हो। सुरक्षा कारणों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी ताजिया की ऊंचाई 12 फीट से उपर नहीं हो। चास एवं बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी को समितियों को लाइसेंस जारी करने के क्रम में ही इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
कहा गया कि ताजिया जुलूस का वीडियो रिकॉर्डिंग हो, आवश्यकतानुरूप सीसीटीवी/ड्रौन कैमरे से भी निगरानी करें। अनुमंडल पदाधिकारियों को उपद्रवियों को चिन्हित करते हुए बीएनएस की धारा 126 की कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करने को कहा। पर्व को देखते हुए जिला कंट्रोल रूम के साथ अनुमंडल कंट्रोल रूम एवं अस्थायी मिनी कंट्रोल रूम भी संचालित किया जाएगा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के लिए जिला टीम को सक्रिय करने एवं स्थानीय स्तर पर भी इसकी निगरानी करने को द्वय पदाधिकारियों ने कहा।
बैठक में कहा गया कि वाट्सएप समूह के एडमिन एवं संबधित समूह के सदस्य बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक खबर का प्रसार नहीं करेंगे। ऐसा करने पर उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाट्सएप समूह को ओनली फार एडमिन करने के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में उत्पाद विभाग को क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाने विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नजर रखने एवं मोहर्रम को लेकर जिले के सभी शराब दुकानों को बंद रखना सुनिश्चित करने को कहा।

सिविल सर्जन को अलर्ट मोड में रहते हुए सभी चिकित्सकों को आन ड्यूटी रहने, एबुलेंस, मेडिकल टीम आदि की व्यवस्था करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने सभी सिविल एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने फोन कॉल को रिसीव करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर कोई कॉल छूट जाता है, तो कॉल बैक कर बात करें। हो सकता है कि कोई जरूरी सूचना/इनपुट देने के लिए आपसे कोई संपर्क कर रहा हो। इसलिए इसे गंभीरता से लेने की बात कहीं। अपर समाहर्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी ने विशेष शाखा से प्राप्त इनपुट एवं बरती जाने वाली सावधानियों से सभी सिविल एवं पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया।
कहा कि जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा। किसी अन्य माध्यम से कोई भी भड़काऊ गाने का इस्तेमाल नहीं करेगा। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण बातों पर भी चर्चा कर जरूरी निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि मुहर्रम पर्व को लेकर समेकित जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष क्रमांक-06542 -223705/223475/100 एवं 112 के अलावा 4 अतिरिक्त मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
सभी के वरीय पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए है। मिनी कंट्रोल रूम क्रमशः मिनी नियंत्रण कक्ष सिवनडीह, मिनी नियंत्रण कक्ष रितुडीह, मिनी निंयत्रण कक्ष बेरमो थाना (दूरभाष 06549- 230674) एवं मिनी नियंत्रण कक्ष अनुमंडल कार्यालय बेरमो में स्थापित होंगे। कहा गया कि आमजन भी नियंत्रण कक्ष में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी साझा कर सकते हैं, प्रशासन त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर डीसी झा ने जिलावासियों से आपसी भाईचारे के साथ त्याग और बलिदान का पर्व मुहर्रम मनाने का अपील किया। उन्होंने आमजनों से सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक खबर का प्रसार नहीं करने की बात कही। वहीं, एसपी सिंह ने जिलावासियों से शांति पूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग की अपील की है।
![]()













Leave a Reply