एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 19 अगस्त को बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की स्वच्छता, व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान इसकी साफ सफाई, रख रखाव एवं अतिथियों के लिए स्वच्छ एवं स्वादिष्ट व्यंजन से सजी थाली की उपलब्धता हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज, नजारत उप समाहर्ता प्रभास दत्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित थे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों को दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस जिले की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जहाँ आगंतुक अतिथि, जनप्रतिनिधि, संवैधानिक पदों पर बैठे सर्वोच्च अधिकारी ठहरते हैं। इसलिए यहाँ की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का भी निर्देश दिया, जिसे समय-सीमा के अंदर पूरा करने को कहा।
उपायुक्त झा द्वारा निरीक्षण के क्रम में परिसदन की साफ सफाई का जायजा लिया गया। इस बावत नजारत उप समाहर्ता प्रभास दत्ता को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बोकारो परिसदन के परिसर, सभी कमरे, किचन, शौचालय को विशेष रूप से स्वच्छ एवं साफ सुथरा रखें। साथ ही पूरे परिसदन को फाइव स्टार होटल की भांति विकसित करें, ताकि यहां ठहरने वाले अतिथियों को भी विशेष सुविधा मिल सके। ठहरने वाले अतिथियों के लिए रेलवे, हवाई जहाज के समय सारणी, दूरभाष नंबर जैसी यात्रा सुविधा की सभी जानकारी उपलब्ध हो।

रेलवे व हवाई जहाज की सभी आवश्यक जानकारी एक डिस्प्ले बोर्ड में अंकित हो, ताकि अतिथियों को सभी जानकारी मिल सके। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बोकारो परिसदन में ठहरने वाले अतिथियों को सुविधा के साथ सभी जानकारी भी मिले। उन्होंने परिसदन के सभी कमरों में आवश्यक जानकारियों की डिस्प्ले बोर्ड अंकित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बोकारो परिसदन में स्वच्छ एवं स्वादिष्ट व्यंजनों से सजी थाली अतिथियों को मिल सके, इसे भी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले के सभी विद्यालय, सभी अस्पताल, सभी कार्यालय एवं सभी सार्वजनिक स्थानों को साफ सुथरा रखने हेतु निर्देशित किया।
![]()













Leave a Reply