जिला से पंचायत तक के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बॉयोमेट्रिक उपस्थिति का निर्देश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 2 जनवरी को जिला समाहरणालय छपरा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक आहुत की गई। बैठक में कृषि विभाग के तहत सारण जिला में उपलब्ध मानव संसाधन- पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा कृषि विभाग के जिला एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारियों के बीच प्रखंड आवंटित करने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि सम्बद्ध किये गए पदाधिकारी संबंधित प्रखंड के अंतर्गत कृषि विभाग की समस्त मूल एवं अनुसंगी योजनाओं व गतिविधियों का अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में उर्वरक की निरंतर उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की नियमित जांच एवं स्टॉक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। कहा गया कि उर्वरक दुकानों की जांच सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नियमित रूप से सुनिश्चित करेंगे। दुकानों की जांच, जांच में पाई गई कमियां एवं इस आलोक में की गई कार्रवाई का समेकित रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने का बैठक में निर्देश दिया गया। इस कार्य के प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा सभी किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ सुनिश्चित करने को कहा गया। कृषि विद्युत संबंध में बताया गया कि जिला में 2526 कृषि ट्रांसफार्मर के माध्यम से अभी तक 15590 कृषकों को कनेक्शन दिया गया है। सभी इच्छुक किसानों से कृषि विद्युत संबंध का आवेदन प्राप्त करने के लिये प्रत्येक प्रखंड में सप्ताह में दो दिन विशेष कैम्प लगाने का निर्देश दिया गया।
साथ हीं इस शिविर में कृषि विभाग एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी व कर्मी संयुक्त रूप से उपस्थित रहेंगे। कैम्प की तिथि निर्धारित कर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मधुरेंद्र कुमार सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply