Advertisement

गुहार लगाने विकलांग पति-पत्नी पहुंचे प्रखंड कार्यालय

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। समस्या ग्रस्त विकलांग पति पत्नी अपनी समस्या समाधान को गुहार लगाने बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे। बीडीओ ने समस्या के समाधान का उन्हें आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में टिकाहारा पंचायत स्थित आदिवासी गांव हरलाडीह रहिवासी दिव्यांग दम्पति अपनी व्यथा लेकर बीते दिन गोमिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे। बताया जाता है कि प्रखंड मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर हरलाडीह गांव में दिव्यांग सोमरा मांझी और उसकी दिव्यांग पत्नी शांति कुमारी अपने तीन बच्चों के साथ रहते हैं। उन्हें आवास के नाम पर मात्र मिट्टी का मकान है।

वहीं एक आवास सोमरा मांझी के पिता के नाम से वर्षो पहले मिला हुआ इंदिरा आवास है, जो वर्तमान समय में काफी जर्जर हो चुका है। सरकार द्वारा दिव्यांग सोमरा मांझी को दिव्यांगता पेंशन मिलता है, लेकिन उसकी दिव्यांग पत्नी शांति कुमारी सरकारी पेंशन के लाभ से वंचित हैं। शांति ने पंचायत के मुखिया से आवास एवं पेंशन योजना का लाभ दिलाने की गुहार कई बार लगा चुकी है, किन्तु मुखिया ने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया। जिसके कारण वह आज तक सरकारी लाभ से वंचित हैं।

यहां तक कि मईया सम्मान योजना के लाभ से भी वंचित है। गाड़ी किराए पर बुक कर किसी तरह प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ महादेव महतो से स्कूटी, पेंशन एवं आवास के लिए पति-पत्नी ने गुहार लगाई है। मामला संज्ञान में आते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी महतो ने सबसे पहले दिव्यांग दम्पति के लिए खाने की व्यवस्था करवाई, उसके बाद उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना एवं उनकी समस्याओं को जल्द ही समाधान करने का उन्हें आश्वासन दिया।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी महतो ने 28 जून को बताया कि दिव्यांग महिला शांति कुमारी के आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र पर नाम अलग अलग है, जिसे सुधारने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया है। साथ ही आवास एवं स्कूटी के लिए वे प्रयासरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *