Advertisement

नाम वापसी के बाद लालगंज विधानसभा में राजद व् भाजपा प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली) वैशाली जिले के आठो विधानसभा क्षेत्र में मतदान 6 नवंबर को होगा। नामांकन वापसी की 20 अक्टूबर को अंतिम तिथि थी। इस दौरान लालगंज से कांग्रेस के प्रत्याशी आदित्य कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया।

इसकी जानकारी वैशाली के जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल चार उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया है।
वैशाली जिले की सर्वाधिक चर्चित लालगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य कुमार उर्फ राजा ने अपना नाम वापस ले लिया है। इस सीट पर बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को राजद ने उम्मीदवार बनाया है। शिवानी ने नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद कांग्रेस ने भी आदित्य को उम्मीदवार बनाया था।

नामांकन वापसी के बाद लालगंज विधानसभा से अब मात्र 10 प्रत्याशी शेष हैं, लेकिन चुनाव में मुकाबला राजद प्रत्याशी शिवानी शुक्ला और भाजपा प्रत्याशी व् वर्तमान विधायक संजय कुमार सिंह के बीच ही है। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाची पदाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, वैशाली जिले में कुल 134 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें कागजी त्रुटि के कारण 25 का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद 109 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बचे थे।

नाम वापसी के बाद अब 105 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
जिले के हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र में नामांकन वापसी के बाद 12 उम्मीदवार शेष रह गए हैं, जिनके भाग्य का फैसला आगामी 6 नवंबर को हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता करेंगे। हाजीपुर में मुख्य मुकाबला वर्तमान विधायक एनडीए प्रत्याशी अवधेश सिंह और महागठबंधन के उम्मीदवार देव कुमार चौरसिया के बीच ही है।

जिले के वैशाली विधानसभा क्षेत्र में नामांकन वापसी के बाद 13 उम्मीदवार शेष रह गए हैं और वैशाली में मुख्य मुकाबला महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस प्रत्याशी संजीव कुमार और वर्तमान विधायक एनडीए प्रत्याशी सिद्धार्थ पटेल के बीच ही है, लेकिन यहां से राजद ने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया है। साथ ही पूर्व विधायक वृषण पटेल जो वर्तमान विधायक के चाचा भी हैं, चुनाव मैदान में है। जिस वजह से वैशाली का चुनाव रोचक होता जा रहा है।

नामांकन वापसी के बाद महनार विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला 18 उम्मीदवारों के बीच होगा। साथ ही पातेपुर विधानसभा क्षेत्र में 10 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।जिले का राजापाकर विधानसभा क्षेत्र जो अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट है यहां से कांग्रेस की वर्तमान विधायक प्रतिमा दास के अलावे जदयू और महागठबंधन के घटक साम्यवादी दल के प्रत्याशी भी खड़े हैं।

साथ ही यहां से स्थानीय मुकेश पासवान जो पूर्व मुखिया भी हैं, खड़े हैं। उपरोक्त चारों प्रत्याशियों के बीच यहां मुकाबला देखने को मिलेगा। जिले का राघोपुर विधानसभा क्षेत्र बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए सुरक्षित सीट है। जहां से लालू और उनकी पत्नी राबड़ी देवी चुनाव जीतकर बिहार के मुख्यमंत्री बने। उनके बाद तेजस्वी यादव वर्तमान में विधायक हैं जो इस चुनाव में भी प्रत्याशी हैं।

जिनका मुकाबला भाजपा के सतीश राय से है। लेकिन यहां जन सुराज के उम्मीदवार चंचल सिंह लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जिले का चर्चित विधानसभा क्षेत्र महुआ विधानसभा क्षेत्र बना हुआ है, जहां से कुल 15 उम्मीदवारों के बीच हार जीत का फैसला होगा। महुआ से महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में राजद के तेज तर्रार विधायक मुकेश रोशन चुनाव लड़ रहे हैं।

साथ ही राजद से निष्कासित पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव भी अपने नए संगठन जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार के रूप में मैदान में है। पिछली बार जदयू प्रत्याशी रही आसमां परवीन भी निर्दलीय इस बार चुनाव मैदान में है। ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से मेघा घोटाले में चर्चित बच्चा यादव भी चुनाव मैदान में लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में यह सीट लोजपा को प्राप्त हुई है, जिसके उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में खड़े हैं। इस तरह महुआ विधानसभा क्षेत्र का चुनाव भी काफी रोचक हो गया है। जिले का आठवां विधानसभा क्षेत्र पातेपुर में मुकाबला भाजपा और राजद के बीच है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *