Advertisement

राष्ट्र की गरिमा सर्वोपरि, एआई समिट पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण-चिराग पासवान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री चिराग पासवान ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए विरोध पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने इसे राष्ट्र की छवि को धूमिल करने की सुनियोजित कोशिश बताते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर दलगत राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

पासवान ने कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट जैसा महत्वपूर्ण आयोजन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में हमारे संकल्प को दर्शाता है। यह मंच किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश की प्रतिभा और प्रगति का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर विरोध का यह स्वरूप भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाला है।

उन्होंने कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की उपस्थिति में इस प्रकार का विरोध देश की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। राजनीति के लिए संसद, जनसभाएँ और अन्य मंच उपलब्ध हैं, लेकिन जब पूरा विश्व भारत की उपलब्धियों को देख रहा हो, तब हमें दलगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि आज भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित कई क्षेत्रों में वैश्विक पटल पर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। यह समय देश की उपलब्धियों को एकजुट होकर प्रस्तुत करने का है, न कि आंतरिक मतभेदों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं से आग्रह किया कि वह राष्ट्र की गरिमा को सर्वोपरि रखे और वैश्विक मंचों पर भारत की एकजुट छवि प्रस्तुत करने में सहयोग करे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *