प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। हजारीबाग जिला के हद में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के जोबर पंचायत बंदखारो रहिवासी धनंजय महतो का शव 50 दिन बाद 13 जुलाई को विमान से रांची पहुंचा।
बता दें कि, बंदखारो रहिवासी बैजनाथ महतो के 32 वर्षीय पुत्र धनंजय महतो की मौत सऊदी अरब में काम के दौरान छत से गिरकर हो गई थी। वे करीब एक वर्ष पूर्व कमाने के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां एलएंडटी कंपनी के ट्रांसमिशन लाइन में हेल्पर के रूप में काम कर रहे थे। काम के बाद ताबुक शर्मा रोड स्थित तमामी कैंप परिसर स्थित डेरा की बालकनी में मोबाइल पर बात करने के दौरान चक्कर खाकर वे नीचे गिर पड़े थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वे अपने पीछे पत्नी गीतांजलि देवी, पुत्र संजय कुमार, सुनील कुमार को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।
धनंजय महतो का शव को लेने प्रवासी श्रमिक हित में कार्य करने वाले समाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली रांची एयरपोर्ट पहुंचकर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि झारखंड के हजारीबाग, गिरिडीह एवं बोकारो जिले के बड़ी संख्या में श्रमिक देश-विदेश में कार्यरत हैं। ऐसे में उनके साथ आए दिन अनहोनी के बाद शव लाने की पीड़ा और मुआवजा एक बड़ी समस्या होती है। वहीं दूसरे राज्य और विदेश जाने वाले अधिकांश प्रवासी श्रमिकों की मौत जोखिम वाले काम करने से हुई है। अगर सरकार कंपनियों के लिए नियम सख्ती से लागू करती कि श्रमिकों की मौत के बाद एक निश्चित रकम मुआवजा के रूप में कंपनियों को देना ही पड़ेगा, तो गरीब मजदूरों के परिवारों को कुछ राहत मिल पायेगी।
![]()













Leave a Reply