Advertisement

रजरप्पा मंदिर पूजा करने जा रहे ऑल्टो सवार श्रद्धालुओं को बस ने मारी टक्कर

दुर्घटना में एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। कसमार थाना के हद में कमलापुर स्थित बोकारो-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-23 पर 12 जुलाई की सुबह अज्ञात बस ने आल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आल्टो सवार एक की मौत हो गयी, जबकि तीन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार उक्त सड़क दुर्घटना में बोकारो जिला के हद में बालीडीह झोपड़ी कॉलोनी रहिवासी 45 वर्षीय सत्येंद्र गुप्ता की मौत हो गई। उक्त घटना 12 जुलाई की अहले सुबह लगभग साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद सभी घायलों को पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को बोकारो जेनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि बालीडीह थाना क्षेत्र के झोपड़ी कॉलोनी रहिवासी सत्येंद्र गुप्ता, महेंद्र साव और रमाकांत गुप्ता अपने घर से आल्टो कार क्रमांक-JH10Z/2048 से रामगढ़ जिला के हद में रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमास्तिका मंदिर पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे।

इसी बीच कसमार थाना क्षेत्र के कमलापुर के समीप स्थित ज्ञानशिला पब्लिक स्कूल के सामने रांची से बोकारो की ओर जा रही एक अज्ञात बस असंतुलित होकर ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ऑल्टो पर सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो व् अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों से लेते हुए घायलों को अस्पताल भेजवाया। हालांकि इस दौरान कुछ देर तक मुख्य पथ पर सड़क जाम की स्थिति बनी रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *