एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के करगली गेट दुर्गा मंडप परिसर मे आयोजित 65वाँ श्रीश्री रामचरितमानस महायज्ञ में परिक्रमा को लेकर चौथे दिन 22 फरवरी को श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से उमड़ पड़ी।
यहां फुसरो, सुभाषनगर, जवाहर नगर, बेरमो सीम, रामनगर, करगली बाजार, घुटियाटांड आदि विभिन्न जगहों से सैकड़ो श्रद्धालुओं ने परिक्रमा किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। यहां रामायण पाठ से करगली गेट सहित आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो गया। रामायण पाठ के दौरान आचार्य राम बिहारी शरण महाराज ने कहा कि राम नाम जपने से ही मनुष्यों के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि श्रद्धा से 9 दिनों तक राम नाम का मंत्र जाप करने से भक्तों के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।सत्यता के मार्ग पर चलने से भले ही कष्ट उठाना पड़े, अंत बड़ा ही सुखद होता है।
यज्ञ समिति के स्वागत अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि पिछले 65 वर्षो से यहां महायज्ञ का आयोजन किया जाता रहा है। 28 फरवरी को हवन के साथ यज्ञ संपन्न होगा। उसी दिन शाम को भगवान श्रीराम के दरबार में शोभायात्रा निकाली जाएगी।
![]()












Leave a Reply