एस. पी. सक्सेना/बोकारो। होनेवाले निकाय (नगर निगम व् नगरपालिका) चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बोकारो जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 3 फरवरी को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्क्रिनिंग कमेटी की बैठक की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा शालिनी खलखो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बोकारो जिला के सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारी अपने शस्त्र आगामी 10 फरवरी तक संबंधित थाना, ओपी अथवा शस्त्र एवं कारतूस विक्रेता के यहां अनिवार्य रूप से जमा करेंगे। शस्त्र जमा नहीं करने की स्थिति में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शस्त्र एवं कारतूस विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे शस्त्र सुरक्षित रूप से जमा लेकर अनुज्ञप्तिधारियों को पावती रसीद उपलब्ध कराएंगे। साथ ही प्रतिदिन संध्या 5 बजे तक शस्त्र जमा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन जिला सामान्य शाखा बोकारो को भेजना सुनिश्चित करेंगे।
बोकारो जिला में निवासरत ऐसे शस्त्र अनुज्ञप्तिधारी, जिनकी अनुज्ञप्ति किसी अन्य जिला या राज्य से निर्गत है और बोकारो में पंजीकृत नहीं है, उन्हें भी आगामी 72 घंटे के भीतर शस्त्र जमा करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिन संस्थाओं या अनुज्ञप्तिधारियों को सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान भी शस्त्र की आवश्यकता है, वे आगामी 8 फरवरी तक कारण सहित आवेदन जिला सामान्य शाखा, कार्यालय में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

कहा गया कि समर्पित आवेदनों पर उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला सक्रिनिंग कमेटी की बैठक में आगामी 10 फरवरी को निर्णय लिया जाएगा। आवेदन अस्वीकृत होने की स्थिति में संबंधित अनुज्ञप्तिधारियों को 72 घंटे के भीतर शस्त्र जमा करना होगा। कहा गया कि निकाय आम चुनाव के परिणाम की घोषणा के एक सप्ताह बाद संबंधित थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शस्त्र विक्रेता द्वारा अनुज्ञप्तिधारियों के शस्त्र विमुक्त किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करें, ताकि नगर निगम तथा नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जा सके।
![]()













Leave a Reply