रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 18 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित मामलों का 30 से 90 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई तथा पारित आदेशों को समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त झा ने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने को कहा। तकनीकी या अन्य कारणों से लक्ष्य प्रभावित होने की स्थिति में पुनः लक्ष्य निर्धारण हेतु विभागीय स्तर पर पत्राचार करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त, चास एवं सब रजिस्ट्रार चास की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने स्पष्टीकरण जारी करने का आदेश दिया। इसे प्रशासनिक कार्यों के प्रति लापरवाही माना गया।
जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए, आम जनता से अच्छा व्यवहार किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि कार्य में लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब की स्थिति में जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक का उद्देश्य राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं जनोन्मुखी बनाना रहा है, जिससे आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।
![]()













Leave a Reply