
एस.पी.सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। रामगढ़ जिला उपायुक्त माधवी मिश्रा (Ramgadh district deputy commissioner Madhavi mishra) ने 23 जुलाई को जिला समाहरणालय सभागार में राजस्व संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले के अलग-अलग अंचलों में पदस्थापित अंचल अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्धतन जानकारी ली।
म्यूटेशन संबंधित मामलों की अंचल वार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से सभी म्यूटेशन संबंधित मामलों का निष्पादन कर लेने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने अलग-अलग अंचलों में लंबित म्यूटेशन संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के अलग-अलग अंचलों में स्थित तहसील कचहरी के वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए तहसील कचहरी के माध्यम से हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने भू अर्जन पदाधिकारी से भू अर्जन संबंधित मामलों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने भू अर्जन के उपरांत राशि के भुगतान के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विभिन्न योजनाओं तथा कार्यों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाली भूमि के संबंध में विभिन्न अंचलों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों से ली।
इस दौरान उपायुक्त ने योजना के संचालन हेतु भूमि की आवश्यकता के संबंध में अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए कई निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ संपर्क में रहें एवं योजना के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचाने हेतु सबसे उपर्युक्त भूमि उपलब्ध कराने का कार्य करें।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस तथा सेंट्रलाइज किचन हेतु हो रहे कार्यों की जानकारी अंचल अधिकारी रामगढ़ से लेते हुए इस संबंध में निर्देश दिए। उपायुक्त ने पंजी 2 को ऑनलाइन करने के तहत हो रहे कार्यों की अंचल वार समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के संबंध में निर्देश दिया।
विभिन्न अंचलों में संधारित की जाने वाली शिकायत पंजी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को नियमित रूप से शिकायत पंजी की जांच करने एवं मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने ई रेवेन्यू कोर्ट के माध्यम से मामलों के निष्पादन के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
उक्त बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, भू अर्जन पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, मैनेजर आईटी, सभी अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply