Advertisement

उपायुक्त ने सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए फरियादियों की सुनी फरियाद, मौके पर समाधान

समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे 60 से ज्यादा फरियादी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 8 अगस्त को साप्ताहिक जनता दरबार लगाकर आमजनों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 60 फरियादियों के व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासनिक मुद्दे सामने आए।

जानकारी के अनुसार जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा, अबुआ आवास योजना, मईया सम्मान की राशि भुगतान नहीं से संबंधित मामले, पेंशन, लंबित मानदेय का भुगतान, अंचल कार्यालय से संबंधित मामले, दाखिल खारिज, भूमि अतिक्रमण, जमीन पर अवैध कब्जा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सिविल सर्जन कार्यालय, डीसीएलआर चास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य मामले की समस्या से संबंधित मामले आए, जिसमें उपायुक्त झा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया की जनता दरबार में मिले आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए और शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी दी जाए।

बताया जाता है कि जनता दरबार में बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों से आए लगभग 60 से ज्यादा रहिवासियों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन हेतु त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। मौके पर निदेशक डीपीएलआर मेनका, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पीयूष कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *