Advertisement

उपायुक्त ने ग्रामीण व् शहरी क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

क्षेत्र के पूजा पंडालों का भ्रमण कर की आरती व् चढ़ाई चुनड़ी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 30 सितंबर को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि इस दौरान उपायुक्त झा ने पूजा समितियों से अपील की कि पंडाल परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाएं रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूजा समितियों से कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और भक्ति का पर्व है, इसलिए पंडालों के आस-पास स्वच्छ वातावरण बनाए रखना अत्यंत जरूरी है। साथ ही उन्होंने अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था एवं शांति-व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिलेवासी पूरी श्रद्धा, निष्ठा और भक्तिभाव के साथ माता/देवी दुर्गा का दर्शन करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि बोकारो जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

निरीक्षण क्रम में जिला उपायुक्त झा ने जिला के हद में कुंडारी, बोकारो के सेक्टर नाइन बी, चीरा-चास एवं वास्तु विहार फेज-2 सहित विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आरती में हिस्सा लिया तथा माता को चुनड़ी अर्पित की। साथ हीं जिलेवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मौके पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *