Advertisement

गांधी शिल्प बाजार का उपायुक्त ने निरीक्षण कर किया संवाद

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के सेक्टर चार स्थित मजदूर मैदान में आयोजित गांधी शिल्प बाजार का बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एक मार्च को निरीक्षण किया। इस अवसर पर मेले का वातावरण उत्साह, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना से ओत-प्रोत दिखा।

मौके पर उपायुक्त झा ने संचालित बाजार के विभिन्न हैंडक्राफ्ट, हस्तकरघा एवं स्थानीय उत्पादों के स्टालों का निरीक्षण करते हुए कारीगरों से संवाद किया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित सामग्रियों का अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकल फॉर वोकल केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाएं, जिससे क्षेत्र के कारीगरों को प्रोत्साहन मिले और आत्मनिर्भर भारत की भावना को बल मिले।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी संजोने का कार्य करते हैं। कहा कि गांधी शिल्प बाजार न केवल खरीदारी का केंद्र है, बल्कि यह स्थानीय कला, संस्कृति और उद्यमशीलता का उत्सव भी है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित बाजार में आकर स्थानीय उत्पादों का समर्थन करें और स्वदेशी को मजबूत बनाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *