Advertisement

उपायुक्त ने की एनआइसी कक्ष में जिला गंगा समिति की बैठक

एसडीओ संबंधित बीडीओ-सीओ को बनाएं गंगा समिति का आमंत्रित सदस्य-झा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 24 अक्टूबर को जिला गंगा समिति की मासिक बैठक एनआइसी कक्ष में आयोजित किया गया। बैठक में जिले में प्रवाहित दामोदर और गरगा नदी की स्वच्छता, जल संरक्षण, नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था तथा आगामी छठ पर्व को लेकर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल स्रोतों की स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि दामोदर और गरगा केवल नदियां नहीं, बल्कि बोकारो की जीवन रेखा है। इनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समन्वय और निगरानी बेहतर करने के लिए एसडीओ चास, एसडीओ बेरमो तथा संबंधित बीडीओ और सीओ को जिला गंगा समिति का आमंत्रित सदस्य बनाने का जिला नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण, नदी सफाई और घाट निर्माण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सरकारी या निजी संस्थानों से गंदा पानी दामोदर या गरगा नदी में नहीं छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर प्रत्येक संबंधित विभाग विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा सुनिश्चित करें कि जल श्रोतों तक अपशिष्ट जल नहीं पहुंचे। उन्होंने जल निकासी तंत्र और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) प्रगति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि नदी में गंदगी पहुंचाना पर्यावरणीय अपराध है। वहीं, चास नगर निगम द्वारा डिसेल्टिंग चेंबर निर्माण की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।

बैठक में उपायुक्त ने नगर निगम चास और नगर परिषद फुसरो को निर्देश दिया कि शहर की सड़कों के दोनों किनारों पर गंदगी और कचरा नहीं फैले, इसके लिए एक स्थायी सिस्टम तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि साफ सड़कें और स्वच्छ नदी सच्चे विकास की पहचान हैं। साथ ही, दोनों नगर निकायों को सभी जल स्रोतों और नदियों की मैपिंग कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।

छठ घाटों के निर्माण व सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज

आगामी छठ महापर्व को देखते हुए उपायुक्त झा ने निर्देश दिया कि चास और बेरमो क्षेत्रों में स्थायी छठ घाटों का निर्माण की दिशा में पहल करें। उन्होंने दोनों अनुमंडल पदाधिकारी को इस बाबत जिला को प्रस्ताव समर्पित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बोकारो जिला के हद में चास अनुमंडल के तेलमच्चो और बेरमो अनुमंडल के हिन्दुस्तान पुल घाट को मॉडर्न छठ घाट के रूप में विकसित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले और घाट सुरक्षित एवं स्वच्छ बना रहे। उन्होंने चैथी छठ से पूर्व दोनों घाटों का निर्माण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि, छठ केवल एक पर्व नहीं, यह हमारी संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वच्छ और सुरक्षित घाट हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।

बैठक में जिला उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एसडीओ चास और बेरमो अपने-अपने क्षेत्र में नगर निगम और नगर परिषद से संबंधित जन समस्याओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करें। साथ हीं इसकी रिपोर्ट जिला स्तर पर भी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जवाबदेही केवल योजना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसके प्रभाव तक होनी चाहिए।
बैठक में एसटीपी (सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट) निर्माण कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा की गयी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर परिषद फुसरो का लंबित एसटीपी कार्य आगामी 30 नवंबर तक पूर्ण किया जाए। वहीं, नगर निगम चास द्वारा एसटीपी के लिए चिन्हित भूमि विवाद का समाधान 15 नवंबर तक कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि नदी को स्वच्छ रखने का सबसे प्रभावी उपाय एसटीपी का सुचारू संचालन है। इसमें बेवजह किसी भी तरह की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने को लेकर उपायुक्त ने बीएसएल एवं अपर नगर आयुक्त चास सहित अन्य पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। उक्त बैठक में एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा, नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, समिति के परियोजना पदाधिकारी प्रीतम कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *