मांगो को लेकर जल सहियाओं का कार्यपालक अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सभी पंचायतों के जल सहिया ने पेयजल स्वच्छता विभाग तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष 28 फरवरी को जोरदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के क्रम में दर्जनों जल सहिया ने झारखंड सरकार द्वारा घोषित स्मार्टफोन की मांग के साथ ही वर्षों से कार्य कर रही जल सहिया का प्रोत्साहन राशि का भी भुगतान करने की मांग की।

कसमार प्रखंड जल सहिया संघ के अध्यक्ष मीना देवी ने बताया कि वर्ष 2011 में जल सहिया का चयन सरकार द्वारा किया गया, परन्तु वर्ष 2019 में सरकार द्वारा सभी जल सहिया को एक हजार रुपए प्रति माह प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गयी। वह राशि भी सही ढंग से किसी भी जल सहिया दीदी को भुगतान नहीं किया गया है।

वहीं वर्ष 2019 से लेकर वर्ष 2024 तक पांच वर्षों में कुल मिलाकर किसी को दस हजार तो किसी को बारह हजार और किसी को अधिकतम सोलह हजार पांच वर्षों में भुगतान किया गया है। जबकि पांच वर्षों में प्रति वर्ष बारह हजार के हिसाब से साठ हजार रुपए होता है।

बताया गया कि वर्ष 2024 के चुनाव में हेमंत सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में प्रोत्साहन राशि एक हजार बढ़ा कर दो हजार देने की घोषणा की थी। सरकार गठन के दो माह बीत जाने के बाद भी आज तक नई राशि तो छोड़िए पुरानी राशि का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। कहा गया कि अधिकारियों द्वारा बताया जाता है कि स्मार्ट फोन का पैसा आप सभी के खाता में भेज दिया गया है। परंतु 28 फरवरी तक तो खाता में कोई राशि नहीं आया है।

आंदोलनरत सभी उपस्थित जल सहिया ने कहा कि झारखंड सरकार की नीति जल सहियाओ के प्रति साफ नहीं है। मैया सम्मान योजना पर उंगली उठाते हुए बताया गया कि घर बैठे महिलाओं को सरकार 2,500 रुपए का सम्मान राशि दे रही है और हम कामकाजी महिलाओं को सरकार 1,000 रुपए या अब बाध्य होकर 2,000 रुपए देने की घोषणा की गयी है, जो अब तक भुगतान भी नहीं हो प रहा है।

उन्होंने बताया कि जल सहियाओं को मैया सम्मान योजना से वंचित रखा गया था, जो संवैधानिक नहीं है। ना तो हमें वेतन दिया जाता है और ना ही हमारा प्रोत्साहन राशि दिया जाता है। यदि दिया भी जाए तो भी क्या 1,000 या 2,000 में हम जल सहियाओं का घर चल जाएगा। सरकार को इस दिशा में सोचना चाहिए।

वहीं कार्यपालक अभियंता के कक्ष में ताला लगा हुआ था, सहायक कार्यालय में मौजूद थे। इस अवसर पर रेखा देवी, लतिका देवी, निर्मला देवी, अष्टमी देवी, मंजू देवी, मीना देवी, रोहिणी देवी, रीमा देवी, सुनीला देवी, सुलोचना देवी, साजिबुन निशा, प्रमिला देवी, गंगा मानी डे, चंदा देवी, कुंती देवी, कौशल्या देवी, रीता देवी सहित कई अन्य मौजूद थे।

 17 total views,  17 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *