एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झुग्गी-झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ द्वारा सेल के बीएसएल नगर सेवा भवन पर 22 दिसंबर को प्रदर्शन किया जायेगा। इसकी तैयारी बैठक 21 दिसंबर को बोकारो के सेक्टर चार स्थित मजदूर मैदान में आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार बोकारो इस्पात प्रबंधन के संपदा न्यायालय के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ स्थानीय सेक्टर पांच में संपन्न बैठक की अध्यक्षता महासंघ के संरक्षक कुमार राकेश ने की। बैठक में अभियान की विभिन्न सेक्टरों में हुई सफल तैयारी पर संतोष व्यक्त किया गया।
महासंघ के संरक्षक राकेश ने बताया कि प्रदर्शन को सफल बनाने झुग्गी-झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ के लिए बोकारो इस्पात नगर के सभी झुग्गी काॅलोनी रहिवासियों और फुटपाथ दुकानदारों के साथ बैठक कर संगठित किया गया है। उन्होंने सभी बोकारोवासियों से कार्यक्रम में शिरकत करने की अपील की।
कहा कि सेल प्रबंधन के संपदा न्यायालय द्वारा हवाई अड्डा और सिटी सेंटर सेक्टर चार सहित पूरे बोकारो में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत लगभग 250 दुकानों और झुग्गियों को तोड़ दिया गया है। कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिन दुकानदारों, मीट दुकानदारों की दुकानें तोड़ी गयी हैं या जिन्होंने स्वयं ही व्यवसाय बंद कर दिया है, उन्हें पुनर्वासित करना जिला प्रशासन और सेल प्रबंधन की नैतिक जिम्मेवारी है।
उन्होंने कहा कि पूरे बोकारो में उजड़ने की तलवार लटक रही है। इसीलिए सबको साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना होगा। आयोजित बैठक में महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक, सुधीर कुमार, विजय ठाकुर, रघुनंदन वर्णवाल, ददन प्रसाद, गोविंद जायसवाल, प्रदीप कुमार प्रसाद सहित अन्य शामिल थे।
![]()













Leave a Reply