छपरा व् सिवान जंक्शन को भी बनाए जाएं सोनपुर मंडल का हिस्सा-एनडीए
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के एनडीए नेताओं ने सोनपुर मंडल से हटाये गये मुजफ्फरपुर सहित नौ रेलवे स्टेशनों को सोनपुर मंडल में पुनः शामिल करने की मांग की है।
इस आशय का एक ज्ञापन 20 अगस्त को बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एनडीए के घटक दलों के नेताओं ने सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन से मिलकर उन्हें सौंपा। जिसकी प्रतिलिपि रेल मंत्री एवं पूर्व मध्य रेलवे महाप्रबंधक को भी भेजी गई है।
जानकारी के अनुसार एनडीए प्रतिनिधि मंडल ने अपने मांग पत्र में पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस मंडल से छपरा और सिवान स्टेशनों को भी सोनपुर मंडल में जोड़ने की मांग की है। प्रतिनिधि मंडल में भाजपा प्रवक्ता सिंह के साथ चंदेश्वर भारती, आनंद किशोर सिंह, मुकेश कुमार सिंह बबलू, सुनील सिंह, सुनील दुबे, शंकर मालाकार, सत्येंद्र सिंह, सुरेश सिंह, भगवान दास एवं ब्रजकिशोर चंद्रवंशी शामिल थे।

ज्ञापन में मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर से कहा गया है कि
विगत दिनों सोनपुर मंडल के नौ स्टेशनों को रेलवे बोर्ड द्वारा तकनिकी कारणों का हवाला देकर सोनपुर मंडल से हटाकर समस्तीपुर मंडल में जोड़ दिया गया है। जिससे सोनपुर मंडल ही समाप्त हो जाएगा, जबकि भौगोलिक रूप से यह मंडल पूर्व मध्य रेलवे का एक महत्वपूर्ण मंडल है तथा राजधानी के नजदीक है। जिससे प्रशासनिक निर्णय लेने एवं उसे समय पर कार्यान्वित करने में आसानी रहती है। इसके अस्तित्व को बनाये रखने के लिए उक्त सभी रेलवे स्टेशनों को इसमें वापस शामिल किया जाना आवश्यक है।
साथ ही यह भी निवेदन किया गया है कि सारण प्रमंडल के अन्तर्गत पड़ने वाले छपरा जंक्शन तथा सिवान जंक्शन स्टेशन को भी सोनपुर मंडल में शामिल किया जाए, क्योंकि उक्त दोनो स्टेशनों के प्रशासनिक निर्णय के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी मंडल में जाना पड़ता है, जो तकनीकि रूप से सही नहीं है।
![]()













Leave a Reply