Advertisement

चेंबर अध्यक्ष के नेतृत्व में पणन सचिव से मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। बाजार समिति चेंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल चेंबर अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में मंडी परिसर में व्याप्त व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पणन सचिव विपुल कुमार से मिला एवं त्वरित निष्पादन की मांग की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा पणन सचिव को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, सचिव गौरव गर्ग, कोषाध्यक्ष दीपक कटेसरिया, वरीय उपाध्यक्ष विक्की सांवरिया, विवेक अग्रवाल, संतोष सिंह, श्याम भीमसरिया, सूरज यादव, आनंद अग्रवाल, सुदामा कादमिया आदि शामिल थे। पणन सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बहुत जल्द समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया कि विधान सभा चुनाव के दौरान लिए गए गोदाम और वेयरहाउस का किराया माफ़ किया जाए, बरसात पूर्व बाजार समिति परिसर के सभी नालों की सफाई कराई जाए, जगह-जगह गंदगी के अंबार को जेसीबी के माध्यम से सफाई कर ट्राली से बाहर फ़ेका जाए, सुरक्षा के दृष्टिकोण से सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था की जाए, बाजार परिसर में अधिकांश लाइट खराब है, उन्हें दुरूस्त कराया जाए।

बाजार परिसर से थाना द्वारा डंप गाड़ियों को हटाया जाए, बाजार परिसर में जगह-जगह भारी भरकम गड्ढे भरवा कर सड़क को दुरुस्त किया जाए, बाजार में जाम की परिस्थितियों को देखते हुए चिन्हित जगह एक्स्ट्रा चबूतरा को तुड़वाकर सड़क चौड़ीकरण किया जाए, बाजार में फल पट्टी के पास टेंपो स्टैंड बनाया जाए, बाजार समिति चैंबर को ऑफिस हेतु स्थान उपलब्ध कराया जाए, बाजार में व्यापारियों के लिए स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था की जाए। मंडी परिसर में खराब चापाकल को ठीक कर अविलंब चालू कराया जाए आदि प्रमुख समस्याएं शामिल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *