Advertisement

बोकारो में शिक्षकों की एकजुटता को लेकर बड़ा कदम उठाने का निर्णय

सभी कोटि के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु बनेगी संयुक्त समन्वय समिति

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सभी कोटि के शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं के निर्बाध एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर बोकारो जिले के सभी शिक्षक संघों की एक संयुक्त समन्वय समिति के गठन पर विचार-विमर्श हेतु एक फरवरी को बोकारो के सिटी पार्क में विभिन्न शिक्षक संघों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक संयुक्त समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जो सभी संघों के बीच तालमेल स्थापित कर संगठित प्रयास करेगी। बैठक को संबोधित करते हुए टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव सह अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महासचिव राममूर्ति ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों को अपने-अपने स्तर पर गंभीर मंथन करना होगा। उन्होंने संयुक्त समन्वय समिति के गठन को एक स्वागत योग्य और दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों की आवाज और अधिक सशक्त होगी।

झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महासचिव सह जिला प्रधान सचिव गौतम कुमार सिंह ने शिक्षकों के सामूहिक मुद्दों पर एकजुटता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शोषण से बचाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मिलजुलकर सामूहिक संघर्ष ही सबसे प्रभावी रास्ता है।

झारखंड +2 शिक्षक संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने मजबूत और प्रभावशाली समन्वय समिति के गठन की वकालत करते हुए कहा कि इससे शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही मंच से उनकी बात मजबूती से रखी जा सकेगी। बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बासुदेव सिंह चौधरी ने शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए तत्परता एवं ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक चिंतन और साझा प्रयासों से ही शिक्षकों की जटिल समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

बैठक में उपस्थित सभी शिक्षक नेताओं ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि प्रस्तावित समन्वय समिति के माध्यम से जिले के सभी शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए संगठित एवं निर्णायक पहल की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *