एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आम आदमी पार्टी बोकारो जिला कमिटी की बैठक 15 मई को बोकारो के सेक्टर 12ए स्थित कार्यालय में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक विधान चंद्र राय तथा संचालन जिला संगठन प्रभारी मो. मेहबूब आलम ने की।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में विशेष रूप से आप के झारखंड प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
बैठक में यह तय किया गया कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र की इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह और गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से गठबंधन समर्थित झामुमो प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो के समर्थन में सघन जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा।
इसके लिए धनबाद लोकसभा क्षेत्र के बोकारो और चंदनक्यारी विधानसभा तथा गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के बेरमो, गोमियां और डुमरी विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी सौंपी गई।
बैठक में आगामी 21 मई को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राजयसभा सांसद संजय सिंह के जमशेदपुर कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय भी लिया गया। कार्यक्रम में बोकारो जिले से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं हिस्सा लेने का संकल्प लिया गया।
उक्त बैठक को संबोधित करते हुए जिला संयोजक राय ने कहा कि केंद्र के निर्देशानुसार इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जीताना हम सबों का नैतिक कर्तव्य है। साथ ही झारखंड में आप के राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम को भी सफल बनाना है। प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि पूरे देश में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्कलुसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के पक्ष में और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लहर चल रही है।
इस बार झारखंड की सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जीत रहे हैं। इसके लिए हमें अपना प्रयास तेज करना होगा। जिला संगठन प्रभारी आलम ने कहा कि हमें इंडिया गठबंधन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान को हर घर तक ले जाना होगा। जिला प्रवक्ता अरविंद विकास ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश भर में मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा सहित दस गारंटियों की घोषणा की है। उसे भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में उपरोक्त के अलावा जिला उपाध्यक्ष गुलाम रसूल, किसान प्रकोष्ठ संयोजक आनंद कुमार मंडल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ संयोजक मनौवर अंसारी, सह कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, युवा प्रकोष्ठ संयोजक प्रदीप कुमार झा, झुग्गी-झोंपड़ी प्रकोष्ठ संयोजक श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, मजदूर प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी, राहुल शर्मा, केएपी वर्मा, एम पी सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()

















Leave a Reply