Advertisement

सोनपुर नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की मनाई गयी पुण्यतिथि

सामाजिक संतुलन में रचनाकारों/ मध्यस्थ की भूमिका विषय पर गोष्ठी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद कार्यालय परिसर में 3 मार्च को नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की 22वीं पुण्यतिथि मनायी गयी। पुण्यतिथि में बड़ी संख्या में गणमान्य जनों ने भाग लेकर दिवंगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक संतुलन में रचनाकारों व मध्यस्थों की भूमिका विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता एवं सामाजिक चिंतक महेंद्र प्रताप ने देश-विदेश के अनेक उदाहरण देते हुए कहा कि स्व. सुनील कुमार सिंह में वे सभी गुण थे जो एक मध्यस्थ में होना चाहिए।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र मानपुरी ने कहा कि सामाजिक संतुलन में रचनाकारों की बड़ी भूमिका होती है। कहा कि रचनाकार अपनी लेखनी से समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधने की कोशिश करता है। वहीं मध्यस्थों की भूमिका भी बड़ी होती है। बिना मध्यस्थ के समाज की एकजुटता संभव नहीं। उन्होंने कहा कि दिवंगत सिंह में ये सारे अच्छे तत्व विराजमान थे।

क्षेत्र के साहित्यकार और गजलकार सीताराम सिंह एवं पत्रकार विश्वनाथ सिंह ने भी गोष्ठी के विषय पर विशद प्रकाश डालते हुए स्व. सिंह को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि समारोह में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समाज सेवी अनिल सिंह ने कहा कि वे परिवार ही नहीं समाज के लिए भी प्रेरणा श्रोत थे। कवि ताड़कनाथ सिंह ने कविता पाठ किया।

इससे पूर्व यहां पुष्पांजलि और माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार व साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी ने की, जबकि संचालन अमरनाथ तिवारी कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में नगर परिषद कार्यालय परिसर में स्थित दिवंगत की प्रतिमा पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य जनों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने दिवंगत को एक कर्मठ और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने सोनपुर के विकास में उनके योगदान और नगर पंचायत (अब नगर परिषद) के गठन के शुरुआती दौर में उनके द्वारा किए गए कार्यों को स्मरण किया।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं में वर्तमान मुख्य पार्षद अजय साह, वरिष्ठ साहित्यकार सीताराम सिंह, ध्रुवदेव शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सह अधिवक्ता विश्वनाथ सिंह, ध्रुव कुमार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता धनंजय सिंह, पत्रकार शंकर सिंह, हरिहरनाथ मंदिर न्यास के सदस्य कृष्णा प्रसाद के अलावा हरिहरनाथ मंदिर न्यास के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार व् अनेक स्थानीय साहित्यकार तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रथम नगर पंचायत अध्यक्ष स्व. सिंह के अनुज अनिल कुमार सिंह ने किया।

ज्ञात हो कि सोनपुर में नगर पंचायत का गठन वर्ष 2002 में हुआ था, जिसके प्रथम अध्यक्ष के रूप में सुनील कुमार सिंह ने कमान संभाली थी। हाल ही में, बिहार सरकार के निर्णय के बाद सोनपुर को नगर पंचायत से नगर परिषद के रूप में अपग्रेड किया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *