Advertisement

मंजूरा में कुएं से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के मंजूरा गांव निवासी अनिल महतो का 20 वर्षीय पुत्र सोमर महतो का शव घर से आधा किमी दूर खेत स्थित कुएं से 14 मार्च को बरामद किया गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची कसमार थाना के सहायक अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह एवं मो मोजउल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु तेनुघाट भेज दिया है।

बताया जाता है कि उक्त युवक कुछ दिन पूर्व आंध्रप्रदेश से मजदूरी कर लौटा था। घर लौटकर तीन-चार दिनों से पगार टांड़ टोला रहिवासी टिंकू महतो का ट्रैक्टर में बतौर चालक कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि बीते 11 मार्च को कार्य पर जाने के बाद देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। मोबाइल भी स्विच ऑफ था।‌

इस बीच खेत के कूएं में किसी ने चप्पल उपलते देखा। उसने इसकी सूचना युवक के पिता अनिल महतो को दी।‌ चप्पल की पहचान के आधार पर कुएं में झागर डाला गया तो शव मिल गया। इसके बाद स्थानीय जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज तथा मुखिया ममता देवी को सूचना दी गयी। इसके बाद पुलिस आकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

घटना के बाद एकलौता पुत्र की मौत पर माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है। पिता ने पुत्र की हत्या कर शव को कुएं में अपराधियों द्वारा डालने की आशंका व्यक्त की है। मृक युवक की दो बहनें हैं।‌ घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *