Advertisement

घरों व् मंदिरों से निकलने वाले पूजा सामग्री निस्तारण के लिए तेजी से करें कार्य-डीडीसी

उप विकास आयुक्त ने की नमामि गंगे अंतर्गत जिला गंगा समिति की बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार* की अध्यक्षता में 21 जनवरी को नमामि गंगे कार्यक्रम अंतर्गत जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य बोकारो जिले में स्थित दामोदर एवं अन्य प्रमुख जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं पुनर्जीवन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना था। बैठक में डीडीसी ने घरों एवं मंदिरों से प्रतिदिन निकलने वाले निर्माल (पूजा सामग्री) के उचित, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पूजा सामग्री के सीधे जल स्रोतों में विसर्जन से जल प्रदूषण बढ़ता है, जिसे रोकने के लिए नगर निकायों तथा बीएसएल नगर सेवा प्रशासन को ठोस कार्य योजना बनाकर तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल श्रोतों के निकट अलग से पूजा सामग्रियों के लिए कनटेनर लगाने का निर्देश दिया।

बैठक में चास नगर निगम द्वारा सिल्ट चेंबर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध पूर्णता के साथ प्रदर्शन में सुधार लाने को कहा। बैठक में बीएसएल नगर प्रशासन को नमामि गंगे से संबंधित कार्यों में नगर निगम चास के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए। साथ हीं उन्होंने शहर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

डीडीसी ने बैठक में जिले के सभी अंचलाधिकारियों को तालाबों, नदियों एवं अन्य जल स्रोतों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। साथ ही, की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बैठक में उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी ढ़ंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में जल संरक्षण एवं स्वच्छता के लक्ष्य प्राप्त किए जा सके। बैठक में आगामी 2 फरवरी को जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों में वाटर वेटलैंड डे के अवसर पर प्रतियोगिता का आयोजन करने का जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया। वहीं, मेगा कार्यशाला का आयोजन फरवरी मासांत तक करने का नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार को निर्देश दिया।

आयोजित बैठक में वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे प्रीतम कुमार, बीएसएल नगर सेवा के प्रतिनिधि, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य, फुसरो नगर परिषद के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *