Advertisement

कल्याण गुरुकुल में फ्लैग ऑफ सेरेमनी में डीडीसी ने बांटे नियुक्ति पत्र

दूसरी बच्चियों के लिए रोल मॉडल बने, मेहनत से करें काम-डीडीसी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय से सटे जिला के हद में चास स्थित कल्याण गुरुकुल में 4 अक्टूबर को प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं के लिए आयोजित फ्लैग ऑफ सेरेमनी का आयोजन किया गया। फ्लैग ऑफ सेरेमनी में बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (तामिलनाडु) में चयनित हुई 23 छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र डीडीसी ने छात्राओं को सौंपा। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, संस्थान के प्रधानाध्यापक, प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधि, शिक्षकगण, प्रशिक्षु छात्राएं आदि उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी मजूमदार ने कहा कि बहुत कम छात्राओं को यह अवसर मिलता है कि वे देश की बड़ी कंपनियों में काम कर सकें। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कंपनी प्रबंधन द्वारा जो भी दायित्व सौंपा जाए, उसका ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करें। मेहनत करें, काम सीखें और निरंतर आगे बढ़ें। कहा कि आप सभी को अपने प्रदर्शन से अन्य बच्चियों के लिए रोल मॉडल बनना है। उन्होंने छात्राओं को अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।

जानकारी के अनुसार कल्याण गुरुकुल चास में स्मार्ट मोबाइल फोन निर्माण प्रशिक्षण पूरा करने वाली 23 छात्राओं का चयन टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, तामिलनाडु में किया गया है। डीडीसी ने सभी चयनित छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि बोकारो जिले की बेटियों के लिए गर्व का क्षण है।

कार्यक्रम से पूर्व डीडीसी ने संस्थान का भ्रमण किया और स्मार्ट मोबाइल फोन लैब, कंप्यूटर लैब तथा प्रशिक्षण कक्षों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता और छात्राओं के प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली तथा प्रबंधन की सराहना की। मौके पर संस्थान के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को साधुवाद दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *