Advertisement

डीडीसी ने की कसमार पंचायत में योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण

आजीविका संसाधन केंद्र, आम बागवानी, अबुआ आवास व् कूप का निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बोकारो शताब्दी मजूमदार ने 29 जून को जिला के हद में कसमार पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अबुआ आवास योजना, प्रधामंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, सिंचाई कूप एवं कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

निरिक्षण के क्रम में डीडीसी मजूमदार ने अबुआ आवास योजना के अंतर्गत निर्मित और निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता की जांच की तथा लाभुकों एवं काम कर रहे मजदूरों से बात कर योजना की पारदर्शिता एवं संतुष्टि की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें तथा लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करायें।

मनरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का भी डीडीसी द्वारा निरीक्षण किया गया। इस क्रम में आजीविका संसाधन केंद्र फॉर्मटांड़ में मनरेगा योजना से संचालित बिरसा आम बागवानी संचालित सभी योजनाओं का निरीक्षण किया गया। सभी योजनाओं में मजदूर कार्यरत पाए गए एवं सभी योजनाओं में मस्टर रोल की निकासी की गई थी तथा उक्त क्षेत्र में तीन अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया गया, जिसमें मजदूर कार्यरत थे।

डीडीसी मजूमदार ने सिंचाई कूप का निरीक्षण किया, जिसमें आठ मजदूर कार्यरत थे। कार्यस्थल पर सभी जरूरी सुविधाएं जैसे पीने का पानी, मेडिकल कीट, शेड उपलब्ध था। साथ ही डीएमएफटी मद से सोलर पावर पंप का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया, ताकि विकास योजनाएं सुचारू रूप से चल सकें और पंचायत के रहिवासियों को लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, जिला परियोजना पदाधिकारी माणिक चन्द प्रजापति, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दुबे, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मोहन मोहित, सहायक अभियंता सूरज कुमार, पंचायत सचिव अर्चना कुमारी, कसमार पंचायत के मुखिया पूजा कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *