गोपनीय कार्यालय कक्ष में डीसी ने बैठक कर पदाधिकारियों को दिया जरूरी निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय एवं उससे संलग्न सभी कार्यालयों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने को लेकर 21 फरवरी को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि आमजन को भी सकारात्मक संदेश देता है।
गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान डीसी झा ने एनडीसी को निर्देशित किया कि सभी कार्यालय प्रधानों से समन्वय बनाकर कार्यालय व्यय से साफ-सफाई हेतु एक कॉमन पूल का गठन करें। साथ ही अनुभवी प्रोफेशनल एजेंसी को हायर कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि परिसर में स्वच्छता का स्थायी एवं मानक अनुरूप प्रबंधन हो सके।

जिला उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि समाहरणालय परिसर, सीढ़ियां, शौचालय, कॉरिडोर, रिकॉर्ड रूम एवं अन्य कार्यस्थलों की विशेष रूप से साफ- सफाई कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं हो तथा समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग भी की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, नजारत उप समाहर्ता (एनडीसी) प्रभाष दत्ता, जिला विज्ञान एवं सूचना पदाधिकारी धनंजय कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply