Advertisement

राष्ट्रीय राजमार्ग भूमि अधिग्रहण मामलों की डीसी ने की समीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 16 जनवरी को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) ने जिला के हद में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों तथा कार्य प्रगति की समीक्षा की। मौके पर अपर समाहर्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी व् भू-अर्जन कार्यालय कर्मी आदि उपस्थित थे।

उपायुक्त ने बीते दिनों अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में भू-अर्जन से संबंधित मामलों को लेकर बोकारो जिला के हद में कसमार, पेटरवार, गोमिया एवं जरीडीह प्रखंड में आयोजित विशेष शिविर व् सुनवाई में प्राप्त मामलों के समाधान की प्रगति की समीक्षा की।

मौके पर अपर समाहर्ता ने बताया कि कसमार प्रखंड में कुल 44 पंचाटों के मामलों पर सुनवाई की गयी, जिसमें 10 मामले विवादित, लंबित अप्राप्त एलपीसी 31 है। उन्होंने बताया कि पेटरवार प्रखंड में कुल 37 पंचाटों के मामलों पर सुनवाई की गयी, जिसमें 9 मामले विवादित है। गोमिया प्रखंड में कुल 11 पंचाटों की सुनवाई हुई, जिसमें 1 विवादित, लंबित अप्राप्त एलपीसी 3 है एवं जरीडीह प्रखंड में कुल 42 पंचाटों की सुनवाई की गयी, जिसमें 4 विवादित, लंबित अप्राप्त एलपीसी 10 मामले हैं।

उपायुक्त ने क्रमवार सभी मामलों में शिविर के बाद किए गए कार्यों की प्रगति का जानकारी ली। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई तथा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि प्रतिदिन निगरानी करते हुए मामलों का निष्पादन करें। लंबित एलपीसी के लिए सभी अंचलाधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *