Advertisement

डीसी ने सभी बैंक प्रबंधकों को कार्य प्रणाली में सुधार लाने का दिया निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। डीसीसी/डीएलआरसी की एक दिसंबर की बैठक के दौरान बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले में कार्यरत बैंकों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं और लाभुकों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में बैंकों की धीमी कार्यप्रणाली चिंता का विषय है।

बैठक में जिला उपायुक्त झा ने विशेष रूप से उन बैंकों को सख्त चेतावनी दी, जिनका सीडी-रेशियो 50 प्रतिशत से भी कम है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे बैंक तुरंत सुधारात्मक कदम उठाएँ, अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बताया जाता है कि उक्त बैठक में यह भी सामने आया कि जिले में विभिन्न योजनाओं से जुड़े लगभग 5,000 आवेदन अब तक लंबित हैं। उपायुक्त ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर हर हाल में किया जाए।

उन्होंने शिक्षा ऋण और प्राथमिकता क्षेत्र ऋण (प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग) को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों, किसानों, महिला उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लाभुकों को बैंक त्वरित सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के आर्थिक विकास में बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है, ऐसे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *