प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार तथा झारखंड सरकार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ एक जनवरी को किया गया।
यह अभियान एक से 31 जनवरी तक बोकारो जिले भर में संचालित होगा। इस अवसर पर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने बोकारो के नया मोड़ से तीन सड़क सुरक्षा जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और ट्रैफिक सिग्नल का पालन को अनिवार्य बताया।
उपायुक्त ने बोकारो जिले के प्रत्येक नागरिक से कम से कम 10 रहिवासियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। साथ ही, रहिवासियों से #BokaroSeJohar एवं #RoadSafetyBokaro हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर जागरूकता संदेश साझा करने को कहा। मौके पर उन्होंने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
![]()













Leave a Reply